इतालवी नौसैनिकों को वापस लाया जाएगा : चांडी

इतालवी नौसैनिकों को वापस लाया जाएगा : चांडी

इतालवी नौसैनिकों को वापस लाया जाएगा : चांडीतिरुवनंतपुरम: केरल के मुख्यमंत्री ओमन चांडी ने सोमवार को राज्य विधानसभा को सूचित किया कि दो भारतीय मछुआरों की हत्या के आरोपी दोनों इतालवी नौसैनिकों को भारत वापस लाने के लिए कुछ भी किया जाएगा, और उन्हें हरहाल में यहां मुकदमे का सामना करना होगा।

चांडी विपक्षी वाम दलों द्वारा विधानसभा में लाए गए स्थगन प्रस्ताव पर बोल रहे थे।

चांडी ने कहा, "प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पिछले हफ्ते संसद के दोनों सदनों को सूचित किया कि सरकार दोनों नौसैनिकों को भारत वापस लाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। कृपया गौर कीजिए, जब से यह मामला देश के न्यायालय में आया है, तब से केंद्र और हमारी सरकार ने इस मामले के प्रति कड़ा रुख अपनाया है।"

इस दौरान विपक्ष के नेता वी.एस अच्युतानंदन ने कहा कि इटली पहले से ही हमलोगों को हल्के में लेता रहा है। उनके इस बयान के बाद विधानसभा में शोर-शराबा शुरू हो गया। अच्युतानंद ने आगे कहा कि राजीव गांधी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही इटली के साथ वेस्टलैंड हेलीकॉप्टर, बोफोर्स और हाल के हेलीकॉप्टर घोटाले जैसे सौदे होते रहे हैं। उनके इस बयान पर सत्ता पक्ष उग्र हो उठा।

विधानसभा अध्यक्ष ने अच्युतानंदन से राजीव गांधी के नाम का जिक्र न करने का आग्रह किया। अध्यक्ष ने कहा कि यह स्थगन प्रस्ताव का मुद्दा नहीं है।

बाद में अध्यक्ष ने कहा कि अच्युतानंदन के राजीव गांधी के नाम का उल्लेख करने वाले बयान को विधानसभा की कार्यवाही से हटा दिया जाएगा।

चांडी ने ध्यान दिलाया कि अच्युतानंद के मुख्यमंत्रित्व काल (2006-11) में मछली पकड़ने वाली नौकाओं के साथ विदेशी जहाजों के टकराने की तीन अलग-अलग घटनाएं घटी थीं। लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया था।

बाद में अच्युतानंदन, विधानसभा अध्यक्ष द्वारा स्थगन प्रस्ताव पर बहस की अनुमति न दिए जाने के बाद विपक्ष के सभी सदस्यों को लेकर सदन के बाहर चले गए। (एजेंसी)

First Published: Monday, March 18, 2013, 14:55

comments powered by Disqus