'इतालवी नौसैनिकों पर जारी रहेगा मामला' - Zee News हिंदी

'इतालवी नौसैनिकों पर जारी रहेगा मामला'

 

नई दिल्ली : विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इतालवी जहाज ‘एनरिका लेक्सी’ के दो नौसैनिकों की कथित गोलीबारी में मारे गए दो मछुआरों के परिवारों को एक-एक करोड़ रूपए का मुआवजा मंजूर होने के बावजूद इन नौसैनिकों के खिलाफ मामला चलता रहेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता सैयद अकबरुद्दीन ने कहा कि उन दोनों नौसैनिकों के खिलाफ मामला भारतीय न्यायक्षेत्र के दायरे में आने संबंधी मामला उच्चतम न्यायालय में चल रहा है और न्यायालय का फैसला आने तक मामला चलता रहेगा।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने इस मामले में विदेश मंत्रालय की राय मांगी है और वह न्यायालय के समक्ष अपना पक्ष रखेगा। अकबरुद्दीन ने कहा कि जब तक इस मामले में फैसला नहीं आ जाता, हमारी राय यही है कि यह हमारे न्यायक्षेत्र के दायरे के अंदर है। अन्य लोगों के अलग विचार हो सकते हैं। उन दोनों की हिरासत का मामला चलता रहेगा और उच्चतम न्यायालय का फैसला आने तक हमारी राय यही रहेगी। दोनों मछुआरों के परिजनों को मिलने वाले मुआवजे के बारे में प्रवक्ता ने कहा कि यह भारत और किसी दूसरे देश के बीच हुआ समझौता नहीं है, इसलिए वो इस पर टिप्पणी नहीं कर सकते।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, April 24, 2012, 23:07

comments powered by Disqus