इतालवी बंधक मामले में वार्ता स्थगित - Zee News हिंदी

इतालवी बंधक मामले में वार्ता स्थगित

 

भुवनेश्वर : बंधक बना कर रखे गए इतालवी नागरिक पाओलो बोसुस्को की रिहाई के लिए वार्ता प्रक्रिया में शामिल माओवादी मध्यस्थों ने बुधवार रात ओड़िशा सरकार पर वक्त बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए वार्ता निलंबित कर दी। साथ ही, चेतावनी दी कि यदि बंधक को कोई नुकसान पहुंचता है तो उसके लिए वह जिम्मेदार होगी।

 

मध्यस्थ बीडी शर्मा और दंडपाणि मोहंती ने यहां संवाददाताओं को बताया कि वार्ता निलंबित कर दी गई है। मुद्दे का समाधान करने में देर हो रही है क्योंकि ओड़िशा सरकार माओवादियों की मांग पर गंभीरता से विचार करने के बजाय वक्त बर्बाद कर रही है। उन्होंने कहा कि वार्ता के दौरान माओवादियों की ओर से की गई 13 मांगों में से किसी पर भी गृह सचिव यूएन बेहरा के नेतृत्व में राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के साथ कोई समझौता नहीं हुआ है। साथ ही, इस तरह के हालात में वार्ता को जारी रखने की कोई तुक नहीं है।

 

उन्होंने यह चेतावनी भी दी कि बंधक बना कर रखे गए व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए वही जिम्मेदार होगी। यह व्यक्ति 14 मार्च से बंधक है। शर्मा और मोहंती ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के दावे को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ करार दिया, जिन्होंने कहा था कि कुछ अतिरिक्त मांगें की गई हैं।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, March 28, 2012, 22:56

comments powered by Disqus