Last Updated: Wednesday, March 13, 2013, 23:15

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने आज केन्द्र सरकार से मांग की कि भारतीय मछुआरों की हत्या में शामिल दो इतालवी मरीनों को भगोड़ा घोषित किया जाना चाहिए और इंटरपोल की मदद से उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास होने चाहिए।
सिंह ने कहा कि केरल के तट पर दो निर्दोष भारतीय मछुआरों की हत्या करने वाले दो इतालवी मरीनों को हमारी सरकार द्वारा भगोड़ा घोषित किया जाना चाहिए। भारत को इंटरपोल की मदद से उन्हें गिरफ्तार करने के भी प्रयास करने चाहिए क्योंकि उन्होंने कानून तोड़ा है और उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत में इतालवी राजदूत ने उच्चतम न्यायालय में गारंटी दी थी कि दोनों मरीन अपने देश में चुनावों में वोट डालने के बाद वापस लौट आएंगे लेकिन उन्होंने इसका उल्लंघन किया। सिंह ने कहा कि संप्रग सरकार को राजदूत के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, March 13, 2013, 23:15