इस बार मार्च तक सताती रहेगी सर्दी! - Zee News हिंदी

इस बार मार्च तक सताती रहेगी सर्दी!



ज़ी न्यूज ब्यूरो

 

नई दिल्ली: हाड़ कंपकपा देनेवाली सर्दी कई दिनों से सता रही है लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक इस बार की सर्दी लंबे वक्त तक इस साल सताएगी।

 

मौसम विभाग ने साफ कहा है कि इस बार सर्दी मार्च तक जाने वाली नहीं है। ऐसा इसलिए कहा जा रहा है कि ला नीना की वजह से मौसम में आए बदलाव का असर लंबे वक्त तक कायम रहेगा। जम्मू-कश्मीर में चल रहे बर्फबारी के दौर में भी तेजी आने की संभावना व्यक्त की गई है।

 

आमतौर पर मकर संक्रांति यानी 15 जनवरी के बाद सर्दी कम होना शुरू हो जाती है, लेकिन इस बार असर उल्टा हुआ है। 15 जनवरी के बाद से पारे ने फिर नीचे की तरफ जाना शुरू कर दिया है। बीते कुछ दिनों में खासकर उत्तर भारत में सर्दी ने अपने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि ला नीना के कारण चल रही बर्फीली हवाएं होली तक मौसम को ठंडा बनाए रखेंगी।

 

राजस्थान के इकलौते हिल स्टेशन माउंटआबू का तापमान शुक्रवार को माइनस 5.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक आनेवाले कुछ दिनों में ये पारा दो-तीन डिग्री और नीचे जाएगा यानी ठंड अभी कुछ और दिन जमकर सताने वाली है।लगातार गिर रहे इस तापमान की वजह से यहां सर्दी जोरों पर है जिससे आम जनजीवन काफी प्रभावित हो रहा है। इस ठंड ने पिछले 79 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

 

दूसरी तरफ कश्मीर घाटी व लद्दाख क्षेत्र में शनिवार को सर्द हवाओं का असर बढ़ गया है।लेह में शनिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान शून्य से 21.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। करगिल में शून्य से 21 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे व पहलगाम में शून्य से 16.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

 

मौसम कार्यालय ने अगले सप्ताह और हिमपात होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। डल झील कई स्थानों पर अब भी जमी हुई है। मछुआरों और नाविकों को मछलियां पकड़ने व नावें चलाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

First Published: Monday, January 23, 2012, 09:33

comments powered by Disqus