इसरो परिसर में घुसने पर महिला गिरफ्तार

इसरो परिसर में घुसने पर महिला गिरफ्तार

बेंगलूर : फर्जी पहचान पत्र के आधार पर कड़ी सुरक्षा वाले भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के परिसर में अनधिकृत रूप से घुसने का प्रयास करने वाली एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि 44 वर्षीय इस महिला की पहचान अहमदाबाद निवासी बूएला एन सैम के तौर पर हुई है।

शहर के पुलिय आयुक्त ज्योति प्रकाश मिरजी ने आज कहा कि 44 वर्षीय बुएला एन सैम को 22 सितंबर को उस समय गिरफ्तार कर लिया गया जब उसने सम्मेलन में हिस्सा लेने के बहाने इसरो के मुख्यालय में घुसने का प्रयास किया।

उन्होंने प्रेट्र को बताया कि गेट पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों को उस समय संदेह हुआ जब उसने सम्मेलन के बारे में पूछताछ की। यह कार्यक्रम उस दिन के लिए निर्धारित नहीं था। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

मिरजी ने कहा कि महिला फर्जी पहचान पत्र के आधार पर 19 सितंबर से ही इसरो के गेस्ट हाउस में ठहरी हुई थी। उन्होंने कहा कि महिला को आपराधिक धाराओं के तहत छह अक्तूबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त कृष्ण भट ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में कोई सेंध नहीं लगी।

उन पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 471, 420 और 490 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जूला को 21 सितंबर को इसरो के मुख्यालय में हो रही बैठक में घुसने की कोशिश के लिए गिरफ्तार किया गया। उसके पास एक फर्जी पहचान पत्र था। इस विषय में सम्पर्क किये जाने पर इसरो के निदेशक ए वी प्रसाद ने कहा, आंतरिक जांच शुरू की गई है।

सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ के उप निरीक्षक रामा राव को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ और उन्होंने उससे पूछताछ की। फिर उसे सीआईएसएफ के निरीक्षक लक्ष्मण सिंह के सुपुर्द कर दिया गया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि जूला 19 सितंबर को अपने पिता के अंतिम संस्कार के लिए केरल के कोल्लम गई थी। फिर उसी रात वह बेंगलूर आ गई और इसरो मुख्यालय से करीब दस किमी दूर जीवन बीमा नगर में रूकी थी।

पुलिस के अनुसार, जूला का पति शहर में है और उसका कहना है कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से विक्षिप्त है। उसने कोल्लम के एक फोटो स्टूडियों से कार्ड हासिल किया। (एजेंसी)

First Published: Monday, September 24, 2012, 15:51

comments powered by Disqus