Last Updated: Friday, August 9, 2013, 12:07
ज़ी मीडिया ब्यूरोनई दिल्ली : प्रेम और भाईचारे का प्रतीक ईद का त्योहार आज देश और दुनिया में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर लोग एक-दूसरे को बधाई दे रहे हैं और अमन-चैन की दुआ कर रहे हैं। भारत के अलावा सउदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और दुनिया के कुछ अन्य हिस्सों में मुस्लिमों ने गुरुवार को ईद मनाई। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देशवासियों को ईद की मुबारकबाद दी। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ईद-उल-फितर के मौके पर मुस्लिमों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने अपने संदेश में कहा है कि पूरे देश में यह त्योहार उल्लास और ईश्वर की भक्ति के साथ मने। वैश्विक भाईचारे, प्रेम व करुणा का संदेश मजबूत हो। यह शुभ दिन देशवासियों को एकजुट करने, शांति, प्रगति व समृद्धि के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दे। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने पवित्र रमजान माह की महत्ता का उल्लेख करते हुए त्योहार को भाईचारे के साथ मिलजुल कर मनाने का आह्वान किया। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास में शांति-सद्भाव के साथ शामिल होने के लिए मुस्लिमों को बधाई देते हुए कहा है कि हर त्योहार शांति व एकता लाता है तथा सद्भाव व समृद्धि को बढ़ाता है।
दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों को मुबारकबाद देते हुए उम्मीद जताई है कि यह त्योहार सभी लोगों को शांति और समृद्धि बढ़ाने की दिशा में काम करने को प्रेरित करेगा। नजीब जंग ने अपने संदेश में कहा कि अल्लाह हमारे लोगों को दुआएं दें और भारत फिर से अग्रणी राष्ट्रों में शामिल हो।
दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने अपने संदेश में ईद को खुशियों और प्रसन्नता का त्योहार बताया। उन्होंने कहा, ‘यह त्योहार दिल्ली की मिश्रित संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। सभी को इसे मनाना चाहिए, क्योंकि यह एकता, सौहार्द और भाईचारे के बंधन को मजबूत करने में मदद करता है।’ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष विजय गोयल और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष जे.पी. अग्रवाल ने भी ईद के मौके पर सभी को मुबारकबाद दी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ईद-उल-फितर के मौके पर राज्यवासियों, विशेषकर मुसलमान भाइयों-बहनों को ईद की मुबारकबाद दी है। मुख्यमंत्री ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि खुदा पाक रमजान के महीने में रोजेदारों द्वारा की गई इबादतों को कबूल फरमाएं और देश में शांति और समृद्धि आए तथा समाज में अमन-चैन, भाईचारा पूरे तौर पर कायम रहे, यह उनकी कामना है।
दिल्ली में पाक महीने रमजान की समाप्ति पर शुक्रवार को मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह की नमाज के लिए 17वीं सदी की जामा मस्जिद और शहर की अन्य मस्जिदों व ईदगाहों में इकट्ठे हुए। मुगल शासक शाहजहां द्वारा 1656 में बनवाई गई जामा मस्जिद दिल्ली में ईद के जश्न का मुख्य केंद्र होती है।
इसके अलावा फतेहपुरी मस्जिद और हजरत निजामुद्दीन में भी नमाज अदा की गई, जहां हजारों लोगों ने एक-दूसरे को गले लगकर ईद की मुबारकबाद दी। इस बीच, दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की है। इसके लिए जगह-जगह विशेषकर मस्जिदों के नजदीक यातायात की दिशा बदली गई है।
महाराष्ट्र में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शुक्रवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ ईद-उल-फितर का त्योहार मनाया। मुंबई के दहीसर, बोरीवली, जोगेश्वरी, अंधेरी, मारोल, बांद्रा, सियान, बायकुला, माजागांव, घाटकोपर और अन्य इलाकों में लाखों मुसलमान ईद की विशेष नमाज 'खुतबा' के लिए पारंपरिक पोशाक में नजदीकी मस्जिदों में इकट्ठे हुए।
दक्षिणी मुंबई के नागपाड़ा के एक बुजुर्ग निवासी सैयद जफर ने बताया कि दो दशक में पहली बार बारिश की वजह से ईद-इल फितर की नमाज ऐतिहासिक आजाद मैदान में नहीं अदा की जा सकी। महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों ठाणे, रायगढ़, रतनागिरी, पुणे, नासिक, औरंगाबाद, बीड़, लातुर, नांदेड़ और अन्य जिलों में पारम्परिक तरीके से धूमधाम और उत्साह के साथ ईद मनाई गई। राज्य के मुस्लिम बहुल इलाकों भयंदर, मीरा रोड, भिवंडी, मुंब्रा, मालेगांव, अलीबाग और अन्य स्थानों में मनाया गया।
ईद का चांद गुरुवार रात दिखने के तुरंत बाद मुबंई और अन्य हिस्सों में मस्जिदें रंगीन रोशनियों से नहा उठीं और झंडे व फूलों से सजावट की गई। राज्यपाल के. शंकरनारायणन, मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख माणिक राव ठाकरे, अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के प्रदेश प्रभारी महासचिव मोहन प्रकाश, एआईसीसी के महासचिव गुरुदास कामत और सचिव संजय निरुपम जैसे अन्य प्रमुख लोगों ने ईद की बधाई दी। इस बीच, मुंबई के मुस्लिम इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
First Published: Friday, August 9, 2013, 09:22