उ. भारत में 90 फीसदी बिजली बहाल: पावर ग्रिड

उ. भारत में 90 फीसदी बिजली बहाल: पावर ग्रिड

उ. भारत में 90 फीसदी बिजली बहाल: पावर ग्रिड ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

नई दिल्ली : पावर ग्रिड कारपोरेशन ने मंगलवार शाम यह दावा किया कि उत्तर भारत में 90 फीसदी बहाल हो गई है। इसके अलावा पूर्वी भारत में 50 फीसदी बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। पावर ग्रिड ने कहा है कि दिल्ली में पूरी बिजली बहाल हो चुकी है। वहीं, पूर्वोत्तर में सौ फीसदी बिजली बहाल हो चुकी है। केंद्रीय ऊर्जा मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में बिजली पूरी तरह बहाल कर दी गई है। पावर ग्रिड कारपोरेशन ने यह भी कहा कि उत्‍तरी ग्रिड और पूर्वी ग्रिड आंशिक तौर पर बहाल कर दिया गया है।


गौर हो कि देश के उत्तरी, पूर्वी तथा पूर्वोत्तर हिस्सों को बिजली आपूर्ति करने वाले तीन ग्रिड आज दोपहर में ठप हो गए। इससे देश के आधे से अधिक हिस्से में बत्ती गुल हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से 22 राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ तो पश्चिम बंगाल में 200 खननकर्मी फंस गए। लगातार दूसरे दिन देश में बिजली का यह संकट रहा है।

पावर ग्रिड कारपोरेशन के प्रमुख आरएन नायक ने आज कहा ग्रिड ठप होने से प्रभावित अधिकांश शहरों में शाम सात बजे तक बिजली बहाल कर दी जाएगी। नायर ने कहा कि अधिकांश शहरों व कस्बों में शाम सात या साढे सात बजे तक बिजली बहाल कर दी जाएगी। सार्वजनिक क्षेत्र की यह कंपनी देश में पारेषण नेटवर्क को देखती है। उसका कहना है कि देश में हालात मध्य रात्रि तक सामान्य होंगे। देश में कुल मिलाकर पांच बिजली ग्रिड हैं और दक्षिणी ग्रिड के अलावा सभी आपस में जुड़े हैं। इन ग्रिड का संचालन पावर ग्रिड कारपोरेशन करती है।

इससे पहले, देश के तीन ग्रिड दोपहर लगभग एक बजे ठप हुए। पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले में सोडेपुर व सतग्राम में ईस्टर्न कोलफील्डस के खननकर्मी फंस गए। जिन्हें बड़ी मशक्कपत के बाद निकाला गया। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बिजली आपूर्ति बंद होने से मेट्रो बंद हो गई’ और यात्रियों को कुछ समय तक उसी में बंद रहना पड़ा। केंद्र ने आज के संकट के लिए राज्यों द्वारा पूर्वी ग्रिड से अधिक बिजली लेने को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रिड में खराबी से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, पंजाब, जम्मू कश्मीर, ओड़ीशा, बिहार, राजस्थान व असम तथा केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में बिजली आपूर्ति ठप पड़ गई। यानी देश की आधे से अधिक जनसंख्या प्रभावित हुई।
ना०र्दर्न ग्रिड सोमवार को भी फेल हो गया था, जिसके कारण राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित करीब सात राज्यों में बिजली का संकट हो गया था। मंगलवार को ग्रिड फेल हो जाने के कारण जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखण्ड, सिक्किम, असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम तथा अरुणाचल प्रदेश में बिजली का संकट पैदा हो गया।
केंद्रीय बिजली मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने ग्रिड फेल होने की वजह कुछ राज्यों द्वारा अधिक बिजली लेने को बताया। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। मैंने अपने सभी लोगों को काम पर लगाया है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण देश के सभी छह रेलवे क्षेत्र में रेल सेवाएं पूरी तरह ठप्प हो गई। रेल मंत्रालय में जनसम्पर्क विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक अनिल सक्सेना ने कहा कि आठ राज्यों में करीब 300 रेलगाड़ियां जगह-जगह रुकी रहीं, जिसके कारण करीब तीन लाख रेल यात्री फंसे रहे। नॉर्दर्न ग्रिड फेल होने के कारण दिल्ली में सभी छह मार्गों पर मेट्रो सेवा भी ठप्प हो गई। दिल्ली मेट्रो के एक अधिकारी ने बताया कि नॉर्दर्न ग्रिड फेल होने के कारण सभी रेल सेवाएं ठप्प हो गईं।

First Published: Tuesday, July 31, 2012, 21:27

comments powered by Disqus