Last Updated: Thursday, May 31, 2012, 20:00
नई दिल्ली : दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार सहित पूरा उत्तर भारत इन दिनों भयंकर लू एवं गर्मी की चपेट में है। गुरुवार को भी तापमान लगातार 44-45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो तीन दिनों तक फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। गर्मी की हालत यह है कि तापमान सुबह ही 30 डिग्री के आसपास पहुंच जा रहा है।
दिल्ली में गुरुवार सुबह तेज धूप निकली। दिल्ली में सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार दिन में तापमान 45.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस मौसम का सर्वाधिक तापमान है। इससे पहले बुधवार को इस मौसम का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लू के कारण लोगों की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सुबह 8.30 बजे आर्द्रता 36 फीसदी दर्ज की गई।
बिहार में पिछले एक पखवाड़े से पछुआ हवा ने लोगों को परेशान कर रखा है। सुबह से ही चिलचिलाती धूप निकलने के साथ-साथ गरम हवा चल रही है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक गुरुवार की सुबह पटना और गया का तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भागलपुर में सुबह का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और पूर्णिया में 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राज्य में बुधवार को सबसे गरम क्षेत्र गया रहा, जहां का अधिकतम तामपान 44.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और भागलपुर का 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के निदेशक ए.क़े सेन ने बताया कि अगले दो दिन के अंदर मौसम में कोई बदलाव के संकेत नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। उत्तर प्रदेश भी भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी लोगों को गर्मी से निजात मिलने की सम्भावना नहीं है। गुरुवार को राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने गुरुवार को बताया कि आने वाले दिनों में गर्मी का दौर जारी रहेगा और अगले कुछ घंटों में तापमान और बढ़ सकता है। गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था।
अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 36-48 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर पारे में वृद्धि दर्ज की जा सकती है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, May 31, 2012, 20:00