उत्तर भारत में बारिश, यूपी में 4 लोगों की मौत

उत्तर भारत में बारिश, यूपी में 4 लोगों की मौत

नई दिल्ली : उत्तर भारत के अधिकांश इलाकों में आज बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब के अधिकांश भाग, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में भी बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में बारिश के चलते चार लोगों की मौत हो गई।

दिल्लीवासियों के लिए आज का मौसम खुशगवार रहा। राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश भागों में आज झमाझम बारिश हुई जिससे पारा सामान्य से नीचे लुढ़क गया। शहर में शाम साढ़े पांच बजे तक 3. 3 मिमी बारिश हुई। वहीं अधिकतम तापमान 35. 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पंजाब और हरियाणा के अधिकांश इलाकों में हल्की से भारी बारिश हुई जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। पंजाब के पटियाला में 99. 4 मिमी और हरियाणा के अंबाला में 41. 1 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग सूत्रों ने बताया कि राजस्थान में कहीं कहीं पर आज हल्की बारिश हुई। जयपुर के पास स्थित विराटनगर में 15 सेंमी बारिश हुई। उत्तर प्रदेश में दक्षिण पश्चिम मॉनसून सामान्य रहा, जहां कुछ स्थानों पर हल्की से भारी बारिश हुई।

प्रदेश की राजधानी लखनउ स्थित अधिकारियों ने आजमगढ़ जिले में बिजली गिरने से दो लोगों और बाराबंकी में एक व्यक्ति की मौत होने की रिपोर्ट प्राप्त की है। बाराबंकी जिले में ही बारिश में मकान ढहने से एक और व्यक्ति की मौत हो गई। मौसम विभाग सूत्रों ने बताया कि कतरनियाघाट (9 सेंमी), अकबरपुर और रेगोली में 7 सेंमी और अमेठी, हैदरगढ़, फारेंदा में 6 सेंमी बारिश दर्ज की गई।

केंद्रीय जल आयोग में मौजूद सूत्रों के मुताबिक क्वानो नदी गोंडा के चंद्रदीपघाट और संत कबीरनगर के मुखलीसपुर में खतरे की सूची से उपर बह रही है हालांकि जलस्तर में कमी आ रही है। हालांकि, शारदा नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। यह पालिया कलां में खतरे के निशान से उपर बह रही है जबकि घाघरा नदी एक बार फिर एल्गिन ब्रिज पर उफान पर है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, July 10, 2013, 00:05

comments powered by Disqus