Last Updated: Friday, June 28, 2013, 15:54

देहरादून : केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने आज कहा कि उत्तराखंड में विनाशकारी बारिश और बाढ़ के बाद मलबों में फंसे लोगों की खोज के लिए हरसंभव प्रयास किये जाएंगे। शिंदे ने राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लेने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अभी भी यह जानकारी नहीं है कि विनाशकारी बाढ़ के बाद अभी कितने लोग मलबे में दबे हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘हमें यह पता लगाना होगा कि कितने लोग अभी भी मलबों में फंसे हुए हैं।’ शिंदे के साथ उत्तराखंड के मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, एनडीएमए उपाध्यक्ष एम शशिधर रेड्डी ओर अन्य वरिष्ठ अधिकारी थे। गृहमंत्री ने कहा कि कई लोग अभी भी बद्रीनाथ और अन्य स्थानों पर फंसे हुए हैं तथा उन लोगों को निकालने के लिए और हेलीकाप्टर लगाये जाएंगे जिन्हें अभी तक निकाला नहीं गया है।
उन्होंने कहा, ‘वायुसेना सभी लोगों को युद्धस्तर पर निकालने के लिए और एमआई-17 हेलीकॉप्टर लगाएगी। हेलीकॉप्टर का बेड़ा 15 और दिन के लिए उत्तराखंड में रहेगा।’ शिंदे ने कहा कि प्राथमिकता फंसी महिलाओं, बीमार, बूढ़ों और विकलांगों को निकालने में दी जाएगी। उसके बाद अन्य लोगों को निकाला जाएगा। उन्होंने स्थानीय लोगों को राहत एवं पुनर्वास के लिए सभी तरह की मदद का भरोसा दिया जिनके मकान और आजीविका के साधन बाढ़ में बह गए हैं।
First Published: Friday, June 28, 2013, 15:54