Last Updated: Monday, August 27, 2012, 10:57

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी
नई दिल्ली : उत्तर भारत में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है और जगह-जगह पर काफी बारिश हो रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत में भी सोमवार को काफी वर्षा के आसार हैं। हालांकि, इस साल अब तक देश में मॉनसूनी बारिश में 13 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, उत्तर पश्चिम भारत में वर्षा में 16 फीसदी कमी आई है। सबसे ज्यादा कच्छ और सौराष्ट्र के क्षेत्र में वर्षा में कमी दर्ज की गई है, जहां अभी तक 81 फीसदी कम बारिश हुई है।
उत्तर प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार रूक-रूककर हो रही बारिश की वजह से लोगों को एक तरफ जहां उमस से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि राज्य के पश्चिमी एवं पूर्वी इलाकों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश होने की संभावना है।
गुप्ता के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से हो रही बारिश की वजह से पश्चिमी उप्र में किसानों को काफी राहत मिली है। किसान लम्बे समय से बारिश का इंतजार कर रहे थे। गौरतलब है कि रविवार को राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहने की सम्भावना है।
राजधानी लखनऊ के अलावा रविवार को वाराणसी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस, इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस और कानपुर का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
First Published: Monday, August 27, 2012, 10:57