Last Updated: Monday, August 6, 2012, 19:09
नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति चुनाव की पूर्व संध्या पर एकजुटता दिखाते हुए संप्रग के सभी घटक तथा मुलायम सिंह यादव एवं मायावती सहित उसे बाहर से समर्थन देने वाले दलों के नेता आज कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी द्वारा दिये गये दोपहर भोज में शामिल हुए।
समाजवादी पार्टी प्रमुख यादव एवं बसपा प्रमुख मायावती ने यहां अशोका होटल में दोपहर भोज में भाग लिया। उत्तर प्रदेश राजनीति के इन दोनों कट्टर प्रतिद्वंद्वियों ने पिछले कई साल से किसी समारोह में एकसाथ शिरकत नहीं की है। मायावती जहां सोनिया गांधी की मेज पर उनके साथ बैठी थीं, वहीं यादव प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ अलग बैठे हुए थे। बहरहाल, बसपा एवं सपा के प्रमुखों के बीच बातचीत नहीं हुई।
इस बारे में पूछे जाने पर मायावती ने कोई प्रतिक्रिया नहीं की। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश के पार्टी प्रभारी दिग्विजय सिंह ने इस बारे में महज इतना ही कहा कि यह उत्तर प्रदेश की ताकत है। उम्मीद की जा रही है कि तृणमूल कांग्रेस आज अपनी पार्टी बैठक के बाद उपराष्ट्रपति पद के लिए संप्रग के उम्मीदवार हामिद अंसारी को अपने समर्थन की आज रात घोषणा कर सकती है। दोपहर भोज में तृणमूल के कई सांसद एवं मंत्री मौजूद थे जिनमें सुदीप बंदोपाध्याय एवं सीएम जतुआ शामिल हैं। बहरहाल, तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी इसमें शामिल नहीं हुई। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 6, 2012, 19:09