'उम्र मसले पर रक्षा मंत्रालय से मदभेद नहीं' - Zee News हिंदी

'उम्र मसले पर रक्षा मंत्रालय से मदभेद नहीं'


नई दिल्ली : भारतीय थल सेना के प्रमुख जनरल वीके सिंह ने मंगलवार को उनकी उम्र पर हुए विवाद को महत्वहीन बताते हुए कहा कि यह एक निजी और व्‍यक्तिगत मसला है और इसका सशस्त्र बलों से कोई संबंध नहीं है।

 

सिंह ने यहां एक रक्षा कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा कि मैंने कहा है कि यह एक निजी मसला है और रक्षा मंत्रालय से कोई मतभेद नहीं हैं। मैं इस पर कोई टिप्पणी देने से परहेज करूंगा। यह एक निजी मुद्दा है और इसका संगठन से कोई लेना-देना नहीं है। मंत्रालय व मेरे बीच कोई परेशानी नहीं है।

 

गौरतलब है कि सिंह का कहना है कि उनका जन्म 10 मई, 1951 को हुआ न कि 1950 में। इसी बात को लेकर उनके व रक्षा मंत्रालय के बीच विवाद हुआ। यह विवाद एडजुटेंट जनरल व भारतीय सैन्य मुख्यालयों की शाखाओं के सैन्य सचिव के विभिन्न दस्तावेजों से प्रभावित था। भुगतान, भत्तों एवं पेंशन से सम्बंधित एडजुटेंट जनरल की शाखा का कहना था कि सिंह का जन्म 1951 में हुआ और नियुक्ति व पदोन्नति से संबंधित सैन्य सचिव शाखा के दस्तावेजों में उनका जन्म 1950 में होने की बात कही गई थी।

 

सरकार ने सैन्‍य सचिव के दस्तावेजों को माना। इसके अनुसार सिंह को इस साल सेवानिवृत्त हो जाना चाहिए। यदि सैन्य सचिव के दस्तावेजों में त्रुटि सुधारी जाती है तो उन्हें अपनी सेवाएं देने के लिए एक साल और मिलेगा।

(एजेंसी)

First Published: Tuesday, January 10, 2012, 17:16

comments powered by Disqus