एफडीआई पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे मनमोहन

एफडीआई पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे मनमोहन

एफडीआई पर आज राष्ट्र को संबोधित करेंगे मनमोहन
नई दिल्ली : प्रत्यक्ष विदेशी निवेश पर सरकार के फैसलों को लेकर मचे होहल्ले के मद्देनजर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को इस मुद्दे पर राष्ट्र को संबोधित कर सकते हैं। प्रधानमंत्री अपने संबोधन में इन फैसलों की वजह और इससे होने वाले फायदों के बारे में राष्ट्र को बताएंगे।

सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह संदेश लिखित संदेश या टेलीविजन के जरिये राष्ट्र को संबोधन के माध्यम से आ सकता है। समझा जाता है कि सिंह यह बताएंगे कि सरकार ने बहु ब्रांड खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को क्यों अनुमति दी है। वह अर्थव्यवस्था के समक्ष आ रहे संकट के बारे में भी बताएंगे और साथ ही इस बात पर जोर देंगे कि यह कदम आर्थिक वृद्धि को प्रोत्साहन देने और रोजगार सृजन के लिए जरूरी है।

सूत्रों ने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन का जोर इस बात पर रहेगा कि ये फैसले राष्ट्र हित में लिए गए हैं। मंत्रिमंडल की 14 सितंबर की बैठक के बाद प्रधानमंत्री ने कहा था कि आर्थिक वृद्धि को बढ़ाने तथा भारत को विदेशी निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बनाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है।

बहु ब्रांड खुदरा क्षेत्र में एफडीआई के विरोध में तृणमूल कांग्रेस ने सरकार से समर्थन वापस लेने की घोषणा की है। संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन को बाहर से समर्थन दे रहे राजनीतिक दलों समाजवादी पार्टी और जनता दल-एस ने भी इस फैसले का विरोध किया है। इन फैसलों के खिलाफ आज राष्ट्रव्यापी बंद का आयोजन किया गया। (एजेंसी)

First Published: Friday, September 21, 2012, 09:04

comments powered by Disqus