‘कर्नाटक बीजेपी के दोनों गुटों पर बाध्य होगा निर्णय’

‘कर्नाटक बीजेपी के दोनों गुटों पर बाध्य होगा निर्णय’


नई दिल्ली : कर्नाटक भाजपा इकाई के अध्यक्ष के एस ईश्वरप्पा ने आज उम्मीद जताई कि राज्य के सत्त्तारूढ़ दल में चल रहे वर्तमान संकट का हल निकल आएगा और भरोसा दिलाया कि संसदीय बोर्ड का कोई भी निर्णय दोनों गुटों पर बाध्यकारी और स्वीकार्य होगा।

भाजपा के सूत्रों ने यहां बताया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी कर्नाटक भाजपा के कोर ग्रुप की बैठक बुलाएंगे जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा और वर्तमान मुख्यमंत्री सदानंद गौड़ा के समर्थक अपने मतभेदों को दूर करेंगे। सूत्रों ने बताया कि 19 जुलाई को होने जा रहे राष्ट्रपति चुनाव से पहले गौड़ा को मुख्यमंत्री पद से नहीं हटाया जाएगा और उसके बाद ही वहां नेतृत्व परिवर्तन होगा।

ईश्वरप्पा ने कहा कि भाजपा संसदीय बोर्ड मौजूदा संकट के समाधान के बारे में निर्णय करेगा जो हम सब पर बाध्यकारी होगा। संसदीय बोर्ड निर्णय लेने वाली भाजपा की शीर्ष इकाई है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक भाजपा में नेताओं के बीच मतभेद ऐसे नहीं हैं कि उनका समाधान नहीं ढूंढा जा सके। प्रारंभिक समझौते के तहत गौड़ा को मुख्यमंत्री पद से हटाने की मांग पर इस्तीफा देने वाले येदियुरप्पा समर्थक राज्य के नौ मंत्रियों ने अपने त्यागपत्र वापस ले लिए हैं। इन मंत्रियों ने भाजपा आलाकमान के इस आश्वासन पर अपने इस्तीफे वापस लिए हैं कि जगदीश शेट्टर को मुख्यमंत्री बनाए जाने की उनकी मांग पर सकारात्मक फैसला किया जाएगा।

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि राष्ट्रपति चुनाव संपन्न हो जाने के बाद शेट्टर को कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, July 3, 2012, 15:05

comments powered by Disqus