कल सऊदी अरब रवाना होंगे एंटनी - Zee News हिंदी

कल सऊदी अरब रवाना होंगे एंटनी

नई दिल्ली: भारत की वैश्विक सुरक्षा रणनीति के तहत रक्षा मंत्री एके एंटनी सऊदी अरब के दो दिन की यात्रा पर सोमवार को रवाना होंगे। एंटनी सऊदी अरब की यात्रा करने वाले भारत के पहले रक्षा मंत्री होंगे। सऊदी अरब की अपनी यात्रा के दौरान एटंनी दोनों देशों के रक्षा सहयोग को और मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से एक सुरक्षा वार्ता में हिस्सा लेंगे।

 

दोनों देश अपने वर्तमान रक्षा सहयोग समझौते के तहत प्रशिक्षण आदान-प्रदान, एक-दूसरे के युद्धपोतों द्वारा बंदरगाहों का निरीक्षण और उच्च स्तरीय सैन्य शिष्टमंडल की यात्रा कार्यक्रम संचालित करते हैं लेकिन यह वार्ता इस समझौते से आगे बढ़ेगी।

 

रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, यह किसी भी भारतीय रक्षा मंत्री की पहली सऊदी अरब यात्रा होने जा रही है।

 

एंटनी के साथ उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा सचिव शशिकांत शर्मा, भारतीय सेना के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल एसके सिंह, नौसेना उप्र प्रमुख वाइस एडमिरल सतीश सोनी और वायुसेना के एयर वाइस मार्शल एमआर पवार शामिल हैं।

 

प्रवक्ता ने बताया कि अपनी यात्रा के दौरान एंटनी सऊदी अरब के रक्षा मंत्री प्रिंस सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सऊद एवं अन्य प्रमुख नेताओं से मुलाकात करेंगे। एंटनी का यहां रहने वाले 20 लाख प्रवासी भारतीयों से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

 

भले ही भारत एवं सऊदी अरब के मध्य औपचारिक रक्षा सम्बंध न हों लेकिन पिछले दशक से दोनों देशों की सेनाओं के मध्य संयुक्त सैन्य अभ्यास का आयोजन कर सहयोग बढ़ाने की पहल हो चुकी है।

 

'आर्गनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोआपरेशन' का सदस्य एवं प्रमुख तेल उत्पादक देश होने के कारण सऊदी अरब भारत के लिए महत्वपूर्ण देश है।  (एजेंसी)

First Published: Sunday, February 12, 2012, 10:21

comments powered by Disqus