Last Updated: Sunday, March 3, 2013, 20:47
मथुरा : यमुना को हथिनी कुण्ड से मुक्त कराने का संकल्प लेकर यमुना लाओ, ब्रज बचाओ मथुरा से दिल्ली तक की पदयात्रा पर निकले यमुना रक्षक दल के हजारों आंदोलनकारी सोमवार को हरियाणा की सीमा मे प्रवेश करेंगे। शनिवार को छाता कस्बे मे पड़ाव करने के बाद रविवार दोपहर पदयात्री कोसीकलां कृषि मंडी परिसर में पहुंच गए। जहां पदयात्रा के अगुआ बाबा जयकृष्ण दास एवं उनके सहनायक भाकियू के भानुप्रताप सिंह ने आंदोलनकारियों को संबोधित किया।
कोलीकलां में किसानों एवं व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर यमुना को मुक्त कराने की मांग का समर्थन करते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। इस मौके पर आज दो तीन हजार पदयात्री आसपास के गांवों से भी अभियान में शामिल हुए।
प्रतिदिन लगभग पंद्रह किमी की यात्रा करने वाले सत्याग्रही 10 मार्च को दिल्ली की सीमा पर स्थित सरिता विहार पहुंचेंगे तथा 11 को संसद की ओर कूच करेंगे। यमुना रक्षक दल के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि उनका इरादा साफ है। वे यमुना को बचाने के लिए हर सीमा पार कर जाएंगे तथा इस बार कोरे आश्वासनों के बजाए सीधे सीधे यमुना को लाकर ही दम लेंगे , अन्यथा वहीं दम तोड़ देंगे।
उन्होंने संवाददाताओं को बताया कि ये लोग पिछले दो वर्ष से यमुना को अविरल एवं सदानीरा बनाने की मांग कर रहे हैं। इसके लिए दो मार्च 2011 में इलाहाबाद से दिल्ली तक पदयात्रा कर यमुना किनारे बसने वाले शहरों के नागरिकों को इस मुद्दे पर जागरूक कर उनका समर्थन जुटाया गया था। (एजेंसी)
First Published: Sunday, March 3, 2013, 20:47