Last Updated: Sunday, November 6, 2011, 03:37
चेन्नई: पूर्व राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम तमिलनाडु में स्थापित किए जा रहे दो रूसी रिएक्टरों के सुरक्षा उपायों का जायजा लेने के लिए रविवार को तिरुनेलवेली जिले में कुडनकुलम परमाणु विद्युत परियोजना का दौरा करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक कलाम रिएक्टरों के सुरक्षा उपायों का स्वयं जायजा लेने के लिए पूर्व राष्ट्रपति रविवार को केएनपीपी का दौरा करेंगे। भारतीय तट पर बन रहे परमाणु विद्युत संयंत्रों में किए गए सुरक्षा उपायों का निरीक्षण स्वयं करना उनका मुख्य उद्देश्य है।
कलाम के इस दौरे के बाद भारतीय तट पर बन रहे परमाणु विद्युत संयंत्रों पर रिपोर्ट तैयार कर उसे जारी किया जाएगा।
भारत का परमाणु विद्युत संयंत्र संचालक भारतीय परमाणु विद्युत निगम लिमिटेड यहां से लगभग 650 किलोमीटर दूर कुडनकुलन में रूसी तकनीक एवं उपकरणों से 1,000 मेगावाट के दो परमाणु विद्युत रिएक्टरों का निर्माण करवा रहा है।
इस परियोजना की पहली इकाई का निर्माण दिसंबर में पूरा किया जाना था। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 13,160 करोड़ रुपये है।
संयंत्रों के आस-पास रहने वाले ग्रामीणों को आशंका है कि यदि यहां किसी तरह की परमाणु दुर्घटना हुई तो यहां की आबादी पर उसका लंबे समय तक दुष्प्रभाव पड़ेगा।
राज्य सरकार एवं परमाणु ऊर्जा प्रतिष्ठान यदि बैठक आयोजित करेंगे तो पूर्व राष्ट्रपति वहां के लोगों और आंदोलनकारियों से मिल सकते हैं। कलाम रविवार शाम नई दिल्ली लौट जाएंगे, क्योंकि अगले ही दिन उन्हें परमाणु ऊर्जा सम्मेलन को संबोधित करना है।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, November 6, 2011, 16:47