Last Updated: Tuesday, December 25, 2012, 22:14

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने आज यहां घोषणा की है कि वे राजधानी लखनउ में 21 जनवरी को एक विशाल रैली का आयोजन कर अपनी राष्ट्रीय जनक्रांति पार्टी का भाजपा में विलय कर देंगे।
कभी भाजपा के दिग्गज नेताओं में शुमार रहे कल्याण सिंह ने आज यहां गुलालाघाट में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 88वें जन्मदिन पर आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि वे भाजपा में शामिल हो चुके हैं और इसकी औपचारिक घोषणा 21 जनवरी को की जायेगी।
प्रदेश में भाजपा की दो सरकारों में मुख्यमंत्री रहे सिंह ने वाजपेयी को विश्व का लेाकप्रिय नेता बताते हुए याद दिलाया कि वर्ष 1999 में जब वाजपेयी की राजग सरकार एक मत से गिरी तो वैसे मौके पर भी उन्होंने खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं की।
समारोह में उपस्थित भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने पार्टी में कल्याण की वापसी को शुभ बताते हुए कहा कि आने वाले लोकसभा चुनाव में सिंह के नेतृत्व में भाजपा शानदार कामयाबी हासिल करेगी। लखनउ से सांसद लालजी टंडन ने कहा कि कल्याण सिंह उनके बड़े भाई हैं और हमेशा रहेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत ने राष्ट्र निर्माण में वाजपेयी के योगदान का उल्लेख किया और उनके शासनकाल में हुए पोखरन परमाणु विस्फोट का जिक्र कर कहा कि उनके शासनकाल में महंगाई काबू में रही एवं देश ने चौतरफा विकास किया। वाजपेयी के जन्मदिन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया और कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में केन्द्र सरकार के कथित जनविरोधी नीतियों का खुलासा करने के लिये ‘‘अटल सुशासन यात्रा’’ की शुरआत की गयी।
‘‘अटल सुशासन यात्रा’’ को हरी झंडी दिखाते हुए प्रदेश भाजपा प्रवक्ता विजय बहादुर पाठक ने कहा कि पांच दिन तक चलने वाली यह यात्रा रायबरेली के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी और जनता को संप्रग सरकार की विफलताओं एवं अटल राज के सुशासन की याद दिलायेगी। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, December 25, 2012, 21:59