कल्याण ने भाजपा में शामिल होने के दिए संकेत

कल्याण ने भाजपा में शामिल होने के दिए संकेत

कल्याण ने भाजपा में शामिल होने के दिए संकेतएटा : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने आज कहा कि उनकी जन क्रांति पार्टी का भाजपा में भावी विलय देश में राष्ट्रवादी ताकतों को एकजुट करने के उद्देश्य से किया जाएगा।

सिंह ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा कि उनका भाजपा में जाने के पीछे कोई राजनीतिक स्वार्थ नहीं है, बल्कि यह तो राष्ट्रवादी ताकतों को एकजुट करने के मकसद किया जा रहा है। जन क्रांति पार्टी में भाजपा का विलय विचाराधारा का सम्मिलन है।

उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी भाजपा से गठबंधन नहीं करेगी बल्कि उसमें विलीन हो जाएगी।
भाजपा के मुख्यमंत्री के तौर पर प्रदेश पर शासन कर चुके सिंह ने कहा कि भाजपा में वापसी के मुद्दे पर उनकी इस दल के नेताओं से सकारात्मक बातचीत हुई है। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी से बातचीत के बाद उनकी घर वापसी की तारीख तय हो जाएगी।

इस सवाल पर कि भ्रष्टाचार के तमाम आरोप लगने के बाद क्या गडकरी को भाजपा अध्यक्ष बने रहने चाहिए, सिंह ने कहा कि उनका मानना है कि गडकरी पर लगे आरोप और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दामाद राबर्ट वाड्रा पर लगे इल्जामात एक ही जैसे हैं। ऐसे में जब गडकरी जांच कराने को तैयार हैं तो फिर कांग्रेस को भी वाड्रा के खिलाफ मामलों की तफ्तीश से एतराज नहीं होना चाहिए।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की समाजवादी पार्टी सरकार के कामकाज पर सवाल उठाते हुए कहा कि सपा सरकार आगामी लोकसभा चुनाव में वोट हासिल करने के लिए मुस्लिमपरस्त योजनाएं लागू कर सूबे को साम्प्रदायिकता की आग में झोंक रही है। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 26, 2012, 17:28

comments powered by Disqus