कल्याण सिंह इसी माह भाजपा में होंगे शामिल: राजनाथ सिंह,kalyan singh,rajnath singh,bjp

कल्याण सिंह इसी माह भाजपा में होंगे शामिल: राजनाथ सिंह

कल्याण सिंह इसी माह भाजपा में होंगे शामिल: राजनाथ सिंहलखनऊ : भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह भाजपा में शामिल हो चुके हैं और 10 से 15 दिसंबर के बीच इसकी औपचारिक घोषणा भी हो जायेगी। सिंह ने आज यहां संवाददाताओं से बातचीत के दौरान हुए सवालों के जवाब में कहा, कल्याण सिंह को भाजपा में आया हुआ मान लीजिए, वे जनाधार वाले नेता हैं और आज सभी राष्ट्रवादी ताकतों के एकजुट होने की जरुरत है। उन्होंने इस संबंध में पूछे सवाल पर कहा कि वे (कल्याण) 10 से 15 दिसंबर के बीच औपचारिक रुप से भाजपा में शामिल हो जायेंगे।

कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री येदियुरप्पा द्वारा भाजपा छोड़कर अलग दल बनाने के बारे में हुए सवालों का पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा, किसी कद्दावर नेता के पार्टी से जाने पर कुछ फरक तो पड़ता है..मगर भाजपा एक राष्ट्रीय दल है और इसमें ऐसे नुकसान की भरपाई कर लेने की अंदरुनी ताकत मौजूद है..कर्नाटक में भाजपा दोबारा भी सत्ता में आयेगी।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी को लेकर भाजपा के कतिपय नेताओं की विरोधी टिप्पणी का उल्लेख होने पर उन्होंने कहा, भाजपा एक राष्ट्रीय दल है..कभी कभी एकाध बयान आ जाने को बहुत महत्व नहीं दिया जाना चाहिए। गडकरी को एक और कार्यकाल मिलने के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने “क्यों नहीं.’’ कहकर बात समाप्त कर दी।

राजधानी लखनउ में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नारायण दत्त तिवारी की इस कथित टिप्पणी पर सवाल होने पर कि अखिलेश प्रदेश चलाये और मुलायम देश चलाये, सिंह ने हंसते हुए कहा, प्रदेश संभल नहीं रहा, देश की बात दूर है। सवाल जवाब के दौरान इस उल्लेख पर कि भाजपा को हमेशा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण से फायदा होता है, सिंह ने कहा, भाजपा जाति और संप्रदाय के आधार पर राजनीति नहीं करती। उन्होंने इसी क्रम में आगे कहा, सपा जब-जब सत्ता में आती है सांप्रदायिक तनाव बढ़ता है..अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों को भी यह बात समझ में आनी चाहिए। (एजेंसी)

First Published: Saturday, December 1, 2012, 18:53

comments powered by Disqus