Last Updated: Saturday, March 24, 2012, 12:52
ज़ी न्यूज ब्यूरो कोलंबो: श्रीलंका के खिलाफ अमेरिकी प्रस्ताव का संयुक्त राष्ट्र में समर्थन करने के बाद श्रीलंका सरकार ने शनिवार को भारत को चेतावनी भरे बयान में इसके कश्मीर मुद्दे पर संभावित नतीजों के लिए आगाह किया।
भारत ने जेनेवा में अमेरिका द्वारा लाए गए उस प्रस्ताव का समर्थन किया जिसमें कहा गया कि तमिल टाइगर्स से युद्ध में मानवाधिकार का हनन हुआ था। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक श्रीलंका के सरकारी प्रवक्ता लक्ष्मण यापा अभेवर्धना ने कहा कि कुछ देश कश्मीर विवाद पर भारत पर एक समान संकल्प लाने के लिए विचार कर सकते हें।
हालांकि श्रीलंका के सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि भारत ने तमिल व क्षेत्रिय राजनीतिक दबाव में आकर यह कदम उठाया है। भारत उन 24 देशों में है जिसने अमेरिका के इस प्रस्ताव के समर्थन में वोट किया वहीं चीन, रूस जैसी अन्य महाशक्तियों ने इसके विरोध में वोट किया।
वहीं श्रीलंका के राष्ट्रपति महेंद्रा राजपक्षे ने भी कहा कि जिन देशों ने इसके पक्ष में वोट किया उन्हें ही आतंकवाद के परिणाम के लिए सबसे ज्यादा चिंतित होना चाहिए। इसके बाद श्रीलंका के एक अन्य मंत्री ने आम जनता से अपील की कि वो भारत द्वारा देश के विरोध में वोट किए जाने के बाद भारत के प्रति हीन भाव या नफरत का माहौल पैदा नहीं करें।
First Published: Sunday, March 25, 2012, 12:42