Last Updated: Wednesday, November 21, 2012, 22:53

मुंबई : केंद्र और महाराष्ट्र सरकार ने अजमल कसाब को यहां आर्थर रोड केंद्रीय कारागार में रखे जाने के दौरान उसे भोजन, सुरक्षा, दवा और कपड़े मुहैया करने पर करीब 29. 5 करोड़ रुपए खर्च किए। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने कसाब के नवंबर 2008 में गिरफ्तार होने से लेकर अक्तूबर 2012 तक जेल में उसके लिए करीब 250 सुरक्षाकर्मियों को तैनात रखा। इसमें 26 करोड़ रुपया खर्च हुआ। महाराष्ट्र सरकार ने कसाब पर कुल 3. 47 करोड़ रुपया खर्च किया।
इसमें भोजन पर 42, 313 रुपया, सुरक्षा पर एक करोड़ 46 लाख 81 हजार 794 रुपया, दवा के मद में 39 हजार 829 रुपया और कपड़ों पर 1,878 रुपया खर्च किया।
राज्य सरकार ने आर्थर रोड स्थित केंद्रीय कारागार में विशेष रूप से कसाब के लिए बुलेट एवं बम प्रूफ कोठरी बनाने के लिए दो करोड़ रुपया खर्च किया।
इस कोठरी को विशेष अदालत से एक सुरंग के जरिए जोड़ा गया। इस सुरंग में लोहे की दीवारें और छत बनाई गई थीं और ताकि आतंकवादियों के किसी हमले या बम से हमला किए जाने पर बचाव हो सके। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, November 21, 2012, 22:53