Last Updated: Sunday, December 9, 2012, 12:01

नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी आज 66 साल की हो गईं। उनको बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक उनके आधिकारिक आवास 10 जनपथ के बाहर जमा हो गए हैं। ढोल बजाकर और पटाखे छोड़कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मौके पर मिठाइयां बांटी। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ-साथ केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने गांधी को शुभकामनाएं दी।
कांग्रेस कार्यकारी समिति के सदस्यों और सुशील कुमार शिंदे, बेनी प्रसाद वर्मा, गुलाम नबी आजाद, कपिल सिब्बल, जर्नादन द्विवेदी और मोतीलाल वोरा समेत केंद्रीय नेता गांधी को बधाई देने के लिए शनिवार शाम उनके आवास पर गए। सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी की आज कुछ व्यस्तताएं हैं इस कारण उन्होंने कल ही उन नेताओं से मुलाकात की और उनकी शुभकामनाएं लीं।
हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और आंध्रप्रदेश के किरण कुमार रेड्डी समेत कई मुख्यमंत्रियों और राज्य कांग्रेस के नेताओं ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी हैं। (एजेंसी)
First Published: Sunday, December 9, 2012, 12:01