Last Updated: Thursday, June 27, 2013, 20:00

नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे को कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक इकाई कांग्रेस कार्य समिति का स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा में सदन के नेता सुशील कुमार शिंदे को तत्काल प्रभाव से कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित के रूप में मनोनीत किया है। शिंदे लोकसभा में सदन के नेता हैं और साथ ही कांग्रेस कोर ग्रुप के सदस्य हैं। वह अब तक महत्वपूर्ण कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य नहीं थे।
द्विवेदी ने यह भी बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष ने केएस राव के उस अनुरोध को स्वीकार कर लिया जिसमें राव ने कांग्रेस कार्य समिति के स्थायी आमंत्रित सदस्य के दायित्व से मुक्त करने का अनुरोध किया था। राव हाल ही में केन्द्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल किए गए हैं। सोनिया गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस कार्य समिति में 20 सदस्यों के अलावा 15 स्थायी आमंत्रित और पांच विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 27, 2013, 20:00