कांग्रेस ने जयराम की टिप्पणी से पल्ला झाड़ा

कांग्रेस ने जयराम की टिप्पणी से पल्ला झाड़ा

कांग्रेस ने जयराम की टिप्पणी से पल्ला झाड़ानई दिल्ली : कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश की उस टिप्पणी से खुद को दूर कर लिया कि नरेन्द्र मोदी कांग्रेस के लिए चुनौती हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता शकील अहमद ने यहां संवाददाताओं से कहा कि जयराम रमेश ने जो कहा है यह उनकी अपनी सोच हो सकती है। हम उनको (मोदी को) कोई चुनौती नहीं मानते। अहमद ने कहा कि रमेश ने क्या कहा और दूसरे ने क्या कहा, यह उनकी अपनी सोच होगी। उन्होंने जिनका नाम लिया है, उन्हें हम अपने लिए कोई चुनौती नहीं मानते। फिलहाल वह भाजपा और राजग के लिए ही चुनौती बन गए हैं।

इस सवाल पर कि क्या उनकी इस टिप्पणी का यह मतलब है कि पार्टी ने केंद्रीय मंत्री की खिंचाई की है, अहमद ने कहा कि उनकी खिंचाई करने या उनका समर्थन करने का सवाल नहीं है। कांग्रेस प्रवक्ता से जयराम रमेश की उस टिप्पणी के बारे में प्रतिक्रिया पूछी गई थी कि मोदी न केवल प्रबंधन के स्तर पर चुनौती पेश करेंगे बल्कि विचारधारा के लिहाज से भी चुनौती बनेंगे।

हालांकि रमेश ने मोदी से कांग्रेस को किसी तरह के डर की बात से इनकार किया। इस संदर्भ में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि हम मोदी से क्यों डरें? हां, उन्होंने गुजरात में तीन चुनाव जीते हैं। नि:संदेह वह कठिनाई पैदा करने वाले प्रचारक हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, June 14, 2013, 19:51

comments powered by Disqus