कांग्रेस ने मोदी पर निशाना साधा

कांग्रेस ने मोदी पर निशाना साधा


नई दिल्ली : कांग्रेस ने भाजपा में आंतरिक कलह और नरेंद्र मोदी तथा उनके प्रतिद्वंद्वी संजय जोशी के बीच पोस्टर युद्ध को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। एक दिन पहले ही मोदी ने भ्रष्टाचार को लेकर संप्रग सरकार को आड़े हाथों लिया था। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से कांग्रेस और उसके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की रविवार को की गई कटु आलोचना को कांग्रेस ने यह कहते हुए सोमवार को खारिज कर दिया कि यह अपनी खुद की पार्टी के अंदर व्याप्त कलह से ध्यान भटकाने का उनका प्रयास है।

पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री को पहले केशुभाई पटेल तथा संजय जोशी से मामला सुलझाना चाहिए। उसके बाद वह कांग्रेस से मुकाबला के लिए मुक्त हैं। तिवारी ने कहा कि भाजपा के आंतरिक कलह से ध्यान हटाने के लिए मोदी संप्रग के खिलाफ निराधार आरोप लगा रहे हैं। संजय जोशी के भाजपा से हटने को लेकर मोदी पर निशाना साधते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजरुन मोडवाडिया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री अपने प्रतिद्वंद्वी से भयभीत हैं और यही वजह है कि उन्होंने जोशी को हटाने के लिए भाजपा नेतृत्व पर काफी दबाव डाला। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 11, 2012, 23:23

comments powered by Disqus