Last Updated: Sunday, January 20, 2013, 10:24
ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसीजयपुरः जयपुर में 18 जनवरी से चल रहे कांग्रेस पार्टी के चिंतन शिविर का आज आखिरी दिन है। आज सबसे पहले कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के सोनिया गांधी पार्टी कार्यकर्ता को संबोधित करेंगे। दोपहर में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भाषण देंगे और उसके बाद पार्टी के उपाध्यक्ष के तौर पर राहुल गांधी पहली बाद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगें। राहुल गांधी को कल ही पार्टी का उपाध्यक्ष चुना गया है।
कांग्रेस ने शनिवार को राहुल गांधी को पार्टी का उपाध्यक्ष नियुक्त किया। उन्हें लोकसभा चुनाव से करीब 16 महीने पहले ऐसे समय में पार्टी में नंबर दो की जिम्मेदारी सौंपी गयी है जब भाजपा में प्रधानमंत्री पद को लेकर नरेंद्र मोदी के नाम पर चर्चा जोर शोर से चल रही है।
पार्टी के मीडिया प्रभारी और महासचिव जनार्दन द्विवेदी ने यहां शिविर स्थल पर संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता ए के एंटनी ने कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल को उपाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। कार्यसमिति ने तत्काल इस प्रस्ताव का समर्थन किया।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 24 सितंबर, 2007 को राहुल को पार्टी महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी। इससे करीब तीन साल पहले उन्होंने राजनीति में प्रवेश किया था और वह अमेठी से लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। इस सीट से पहले राजीव गांधी भी लोकसभा में प्रतिनिधित्व करते थे। राहुल को पार्टी में युवक कांग्रेस और कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई की जिम्मेदारी भी सौंपी गयी थी।
राहुल कांग्रेस के तीसरे उपाध्यक्ष होंगे। इससे पहले 1986 में तत्कालीन पार्टी अध्यक्ष राजीव गांधी ने अर्जुन सिंह को और 1997 में तत्कालीन अध्यक्ष सीताराम केसरी ने जितेंद्र प्रसाद को यह जिम्मेदारी सौंपी थी। द्विवेदी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने सबसे प्रभावशाली और स्वीकार्य नेता में आस्था जताई है जिसमें पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं की भावना झलकती है।
उन्होंने बताया कि कार्यसमिति की बैठक में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के उद्घाटन भाषण के तत्काल बाद एंटनी ने राहुल को उपाध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा था। अब राहुल गांधी को औपचारिक तौर पर कांग्रेस में नंबर दो का दर्जा मिल गया है।
द्विवेदी ने कहा कि यह फैसला पार्टी को और पार्टी अध्यक्ष के भी हाथों को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकमात्र पार्टी है जिसमें पूरे भारत का चेहरा दिखाई देता है और यह समाज के सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करती है।
First Published: Sunday, January 20, 2013, 10:24