Last Updated: Monday, January 21, 2013, 00:02
जयपुर : राहुल गांधी का दर्जा बढ़ाकर उन्हें पार्टी का उपाध्यक्ष बनाये जाने के साथ ही रविवार को संपन्न हुई कांग्रेस की तीन दिवसीय चिंतन शिविर और अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की बैठक में पीढ़ी स्तर पर बदलाव और सत्तारूढ़ दल में कई सुधारों के संकेत दिये गए। ये संकेत ऐसे समय में दिये गए जब लोकसभा चुनाव महज 15 माह दूर हैं।
पार्टी में तीन दिनों तक चली इन प्रक्रियाओं में युवा नेता राहुल गांधी ही छाये रहे। इस बात को लेकर कई बार मांग उठी कि राहुल को पार्टी में महत्वपूर्ण भूमिका दी जाये और कल रात कांग्रेस कार्य समिति ने फैसला किया कि उन्हें पार्टी का उपाध्यक्ष बनाया जाए। राहुल गांधी का पार्टी में दर्जा बढ़ाये जाने के कदम के साथ यह भी संकेत देने का प्रयास किया गया कि संगठन में विभिन्न स्तर पर नया नेतृत्व विकसित किया जाये। पार्टी के जारी घोषणापत्र में कहा गया कि प्रदेश कांग्रेस समिति और जिला कांग्रेस समिति के अध्यक्ष केवल दो बार ही बन सकते हैं। उनका कार्यकाल तीन साल से अधिक नहीं होगा।
अखिल भारतीय युवक कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव सातव ने कांग्रेस अध्यक्ष को इस बात के लिए धन्यवाद किया कि इस बार चिंतन शिविर में युवाओं को अधिक प्रतिनिधित्व दिया गया है। उन्होंने याद करते हुए कहा कि पार्टी के शिमला और पचमढ़ी में हुए पिछले दो सम्मेलनों में एनएसयूआई और युवक कांग्रेस के केवल दो प्रतिनिधियों को भागीदारी का मौका दिया गया। वर्ष 2003 की शिमला बैठक में पार्टी ने जहां ‘सभी धर्मनिरपेक्ष ताकतों के एकजुट होने’ की बात कही गयी थी वहीं जयपुर में भी सुर कुछ ऐसा ही रहा लेकिन सहयोगियों के बारे में कुछ नहीं कहा गया। गठबंधन के बल पर ही कांग्रेस वर्ष 2004 में सत्ता में आयी थी।
केन्द्रीय मंत्री एके एंटनी ने कहा कि राहुल का उदय एक क्रांति है। उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस एक पुरानी पार्टी है और वही देश को एकजुट रख सकती है। कांग्रेस ने क्रांतियां देखी हैं और राहुल का उदय भी एक क्रांति है।’ बैठक में एंटनी ने कहा कि पार्टी नयी रणनीति, कार्यक्रम और निर्णय अपनायेगी लेकिन धर्मनिरपेक्षता और राष्ट्रवाद के मूल मूल्य कायम रहेंगे।
केन्द्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने भाजपा एवं अन्य विपक्षी पार्टियों पर निशाना कसते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर संप्रग को बदनाम करने का प्रयास किया। लेकिन कांग्रेस ने हमेशा गलत काम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है, जो किसी अन्य ने नहीं की। केन्द्रीय राज्य मंत्री सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो देश के भविष्य को उज्ज्वल रख सकती है।
बैठक में मणिपुर की एनएसयूआई प्रतिनिधि एंजेलिका अरीबाम ने पूर्वोत्तर और राष्ट्रीय राजधानी सहित देश के अन्य भागों के लोगों के समक्ष आ रही नस्ली भेदभाव की समस्या का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि देश में विभिन्न संस्कृतियों के प्रति जागरूकता फैलाये जाने की जरूरत है। पंजाब की कांग्रेस नेता राजिन्दर कौर भट्टल ने राहुल को ‘उभरता हुआ पुत्र’ करार देते हुए उन्हें उपाध्यक्ष पद संभालने के लिए धन्यवाद दिया। भट्टल ने कहा कि पार्टी में संकट दौर में यह पद मुश्किलों से भरा हुआ है। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 21, 2013, 00:02