Last Updated: Tuesday, August 28, 2012, 14:09
नई दिल्ली : कोयला ब्लॉक आवंटन पर लगातार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हमले झेल रही कांग्रेस ने कहा है कि वह संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा पर भाजपा के दोहरे रवैये को लोगों के समक्ष उजागर करेगी।
सोनिया गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस संसदीय पार्टी की बैठक के बाद मंगलवार को पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं को सड़कों पर उतरकर संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा पर भाजपा के `घड़ियाली आंसू` को उजागर करना चाहिए।
तिवारी ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कोयला ब्लॉक आवंटन पर सीएजी की रिपोर्ट की आलोचना करने पर भाजपा द्वारा उन्हें निशाना बनाने पर यह बयान दिया। प्रधानमंत्री ने सोमवार को संसद में अपने बयान में सीएजी की रिपोर्ट को त्रुटिपूर्ण बताया था। तिवारी ने भाजपा से प्रश्न करते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा के बारे घड़ियाली आंसू बहाना भाजपा की आदत में है। क्या संसद संवैधानिक संस्था नहीं है और इसे ठप्प करने से क्या लोकतंत्र कमजोर नहीं होगा?
उन्होंने कहा कि पार्टी प्रमुख सोनिया गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता सड़कों पर भाजपा को उजागर करेंगे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, August 28, 2012, 14:09