कांग्रेस सांसद मुकेश गढ़वी का निधन

कांग्रेस सांसद मुकेश गढ़वी का निधन

अहमदाबाद : गुजरात के बसंतकांठा से कांग्रेस सांसद मुकेश गढ़वी का शुक्रवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। पार्टी सू़त्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि गढ़वी (50 वर्ष) को दिमाग की नस फट जाने के मद्देनजर 10 दिन पहले स्टर्लिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शरीर के विभिन्न अंगों के आज काम करना बंद कर देने के कारण उनका आज निधन हो गया।

गढ़वी बसंतकांठा सीट से दो बार सांसद और दांता सीट से तीन बार विधायक रहे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्री और एक पुत्र है। उनके पिता दिवंगत बी के गढ़वी राजीव गांधी सरकार में वित्त राज्य मंत्री थे और गुजरात प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भी रहे।

गढ़वी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शक्ति सिंह गोहिल ने ट्विटर पर लिखा कि यह समाचार दुखद और स्तब्धकारी है कि मेरे मित्र और बसंतकांठा से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अब नहीं रहे। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी गढ़वी के निधन पर दुख व्यक्त किया। मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि बसंतकांठा से सांसद मुकेश गढ़वी के निधन के बारे में जानकारी प्राप्त कर दुख हुआ। मैं इस पर शोक प्रकट करता हूं और उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना करता हूं। (एजेंसी)

First Published: Friday, March 1, 2013, 13:03

comments powered by Disqus