काटजू ने मीडिया के पढ़े कसीदे, हनुमान बताया

काटजू ने मीडिया के पढ़े कसीदे, हनुमान बताया

हैदराबाद : भारतीय प्रेस परिषद के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत) मार्कंडे काटजू ने पत्रकारों से भारत को आधुनिक समाज में तब्दील करने में मदद करने की अपील में रामायण का स्मरण किया।

न्यायमूर्ति काटजू ने कहा, ‘भारत पर्वितन के दौर से गुजर रहा है जैसा 19 वीं शताब्दी में पश्चिमी यूरोप गुजर रहा था। अगले 15-20 साल भारत में मुश्किल भरे होने जा रहे हैं।’

उन्होंने कहा, ‘भारतीय मीडिया को यूरोपीय मीडिया की भांति भूमिका निभानी चाहिए ताकि भारत आधुनिक एवं औद्योगिक समाज के रूप में तब्दील हो सके।’

वह यहां अखिल भारतीय लघु एवं मध्यम अखबार फेडरेशन द्वारा आयोजित ‘वर्तमान पत्रकारिता में अनैतिक प्रवृत्तियां’ विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

काटजू ने मीडिया को ‘भगवान हनुमान’ बताते हुए कहा, ‘कोई ऐसी चीज नहीं है जो मीडिया नहीं कर सकता। आप (मीडिया) बहुत शक्तिशाली हैं। आप भारतीय जनता की सेवा के लिए हैं। यह आपका धर्म है। मैं जामवंत की तरह हूं, जो आपको आपके कर्तव्य एवं अधिकार की याद दिलाता हूं।’

उन्होंने कहा कि मीडिया ने पश्चिमी यूरोप को सामंतवादी से आधुनिक एवं औद्योगिक समाज के रूप में बदलने में अहम भूमिका निभाई थी।

पत्रकारों के लिए न्यूनतम योग्यता के निर्धारण के लिए एक समिति नियुक्त करने के अपने फैसले को कल सही ठहराने वाले उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश काटजू ने कहा, ‘केवल पत्रकारों पर ही क्यों आरोप लगाया जाए। अनैतिक प्रवृत्तियां न केवल पत्रकारिता बल्कि हर क्षेत्र में है। पत्रकारों को बहुत कम तनख्वाह मिलती है। हर जगह भ्रष्टाचार है।’ (एजेंसी)


First Published: Sunday, April 7, 2013, 00:09

comments powered by Disqus