Last Updated: Saturday, April 27, 2013, 14:38

कानपुर : केन्द्रीय कोयला मंत्री और शहर के सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल ने आज कानपुर नगर निगम में आयोजित एक सादे समारोह में पदेन सदस्य के रूप में शपथ ली। बाद में वह नगर निगम के सदन में भी गए और कुछ देर कांग्रेस पार्षदों (कॉरपोरेटर) के साथ भी विचार विमर्श किया।
कानपुर नगर निगम में 110 पार्षद चुनाव में जनता से चुनकर आते हैं। इसके अतिरिक्त 10 पदेन सदस्यों में शहर के विधानसभा सदस्य (एमएलए) और संसद सदस्य (एमपी) शामिल हैं जबकि 10 सदस्य राज्य सरकार मनोनीत करती है। जायसवाल को शहर के सांसद के रूप में पदेन सदस्य के तौर पर आज दोपहर नगर निगम में शहर के मेयर जगतवीर सिंह द्रोड़ ने शपथ दिलायी।
बाद में जायसवाल नगर निगम के सदन के अंदर गए और कांग्रेस पाषर्दों के साथ बैठे। उनसे शहर की समस्याओं पर विचार विमर्श किया। जायसवाल ने कहा कि वह सांसद के रूप में तो शहर का विकास कर ही रहे थे अब नगर निगम का सदस्य होने के कारण जनता की समस्याओं को और करीब से जानने का मौका मिलेगा। गौरतलब है कि केन्द्रीय कोयला मंत्री जायसवाल सांसद बनने से पहले शहर के मेयर भी रह चुके हैं और वही से उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। (एजेंसी)
First Published: Saturday, April 27, 2013, 14:38