Last Updated: Saturday, November 12, 2011, 06:51
नई दिल्ली: अपनी यात्राओं के लिए बढ़ा हुआ बिल वसूलने के मुद्दे पर टिप्पणी के लिए अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए किरण बेदी ने शनिवार को कहा कि अगर वह इस मुद्दे को पूरी तरह समझते तो इस तरह की टिप्पणी नहीं करते।
बेदी ने कहा, ‘समस्या सिर्फ यह है कि उन्होंने मुद्दे को पूरी तरह नहीं समझा। अगर वह मुद्दे को अच्छी तरह समझते तो उनका जवाब अलग होता।’
अरविंद केजरीवाल ने टीम अन्ना में अपनी साथी बेदी के मेजबानों से यात्रा खर्च के तौर पर बढ़ाकर बिल वसूलने को नामंजूर कर दिया था। उन्होंने कहा था कि ऐसा करने में वह गलत थीं।
बेदी के इकॉनमी क्लास में सफर करने और आयोजकों से बिजनेस क्लास के टिकट का पैसा वसूलने संबंधी विवाद के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा था, ‘उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था। उन्होंने कहा है कि ऐसा फिर कभी नहीं होगा। किरण बेदी ने जो कुछ भी किया, वह मैं नहीं करता।’
(एजेंसी)
First Published: Sunday, November 27, 2011, 11:55