किरण बेदी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज - Zee News हिंदी

किरण बेदी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने पूर्व पुलिस अधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे की प्रमुख सहयोगी, किरण बेदी के खिलाफ विदेशी कम्पनियों और संस्थाओं के साथ मिलकर धोखाधड़ी तथा गबन करने के आरोप में रविवार को प्राथमिकी दर्ज की।

 

 

किरण बेदी के  खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420 और 120 (बी) के तहत मामला दर्ज किया है।

 

दिल्ली की एक अदालत ने देविंदर चौहान की शिकायत पर बेदी के खिलाफ मामला दर्ज करने का दिल्ली पुलिस को शनिवार को निर्देश दिया था।

 

चौहान ने आरोप लगाया था कि बेदी ने गैर सरकारी संगठन 'इंडिया विजन फाउंडेशन' के बैनर तले जवानों के परिजनों को मुफ्त कंप्यूटर प्रशिक्षण दिलाने के बहाने विभिन्न अर्धसैन्य बलों व राज्य पुलिस के संगठनों के साथ धोखाधड़ी की।

 

बेदी ने कहा है कि वह इस घटना से चकित नहीं हैं और इससे अधिक काम करने का उनका संकल्प और मजबूत ही हुआ है।

 

बेदी ने ट्विटर पर लिखा है कि मुझे पता चला है कि मेरे खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मुझे बिल्कुल हैरानी नहीं हुई। इसने अधिक काम करने के मेरे संकल्प को और मजबूत ही किया है।

 

बेदी पिछले महीने उस समय विवादों में आ गई थीं, जब इस बात का खुलासा हुआ था कि उन्होंने कथितरूप से विभिन्न सामाजिक और शैक्षणिक संस्थाओं के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए उनसे बढ़ा-चढ़ाकर यात्रा खर्च वसूला था। (एजेंसी)

First Published: Monday, November 28, 2011, 08:42

comments powered by Disqus