'कुडनकुलम संकट पर अमेरिकी NGO जिम्मेदार' - Zee News हिंदी

'कुडनकुलम संकट पर अमेरिकी NGO जिम्मेदार'

ज़ी न्यूज ब्यूरो/एजेंसी

 

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कुडनकुलम में जारी गतिरोध के लिए कुछ अमेरिकी गैर सरकारी संगठनों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम को आगे बढ़ाने में इनके कारण कठिनाई आई है।

 

पीएम ने कहा कि विरोध में शामिल अधिकतर एनजीओ को अमेरिका और स्कैंडिनेवियाई देशों से आर्थिक मदद मिल रही है। उन्होंने कहा, वे हमारे देश के सामने आने वाली विकास संबंधी चुनौतियों को नहीं मानते हैं। पीएम ने एक साइंस पत्रिका को इंटरव्यू के दौरान यह बातें कही है।

 

इस इंटरव्यू में मनमोहन सिंह ने साफ कहा है कि अमेरिका की गैर-सरकारी संस्थाएं रूस की मदद से चलाए जा रहे परमाणु ऊर्जा कार्यक्रम के रास्ते में रोड़े अटका रही हैं। ये एनजीओ भारत की ऊर्जा जरूरतों को नजरअंदाज करते हुए स्थानीय एनजीओ के जरिए विरोध को हवा दे रहे हैं। कुडनकुलम में विरोध प्रदर्शनों के चलते 1,000 मेगावॉट के दो परमाणु रिएक्टरों का काम रुका पड़ा है।

 

कुडनकुलम न्यूक्लियर प्लांट भारत के लिए बहुत अहमियत रखता है। रूस के साथ करार के तहत बन रहे ये रिएकटर्स भारत की बिजली जरूरतों को पूरा करने में मददगार साबित हो सकता है।

First Published: Saturday, February 25, 2012, 11:15

comments powered by Disqus