Last Updated: Sunday, September 9, 2012, 13:27

नई दिल्ली : उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज भारत में श्वेत क्रांति के जनक और गुजरात कोआपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के संस्थापक वर्गीज कुरियन के निधन पर शोक जताया। अंसारी ने अपने शोक संदेश में कहा कि कुरियन को दुनिया के सबसे बड़े डेयरी विकास कार्यक्रम ‘आपरेशन फ्लड’ का जनक होने का श्रेय दिया जाता है।
उपराष्ट्रपति ने कहा, उन्होंने भारत में श्वेत क्रांति की शुरूआत की और भारत को दुनिया में सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक बनाया। अमूल ब्रांड की सफलता का श्रेय उन्हें जाता है। कुरियन के निधन पर शोक प्रकट करते हुए सिंह ने उन्हें भारत के सहकारिता आंदोलन और डेयरी उद्योग का आदर्श माना जाता है। कुरियन की पत्नी मॉली कुरियन को भेजे गए अपने शोक संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि कुरियन असाधारण और नवोन्मेषी प्रबंधक थे और बेहतरीन इंसान थे। सिंह ने कहा, किसानों का कल्याण और कृषि उत्पादन तथा देश के विकास में उनके योगदान को मापा नहीं जा सकता है। कुरियन भारत के सहकारिता आंदोलन और डेयरी उद्योग के आदर्श थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि अपने लंबे और शानदार करियर में कुरियन ने सहकारी डेयरी विकास का आणंद मॉडल स्थापित किया, श्वेत क्रांति शुरू की और भारत में दुनिया का सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक बनाया। सिंह ने कहा, बिचौलियों की बजाय किसान और उसके हितों को सर्वाधिक प्रमुखता देना उनका सबसे बड़ा योगदान था। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका व्यक्तिगत तौर पर कुरियन के साथ काफी अच्छा जुड़ाव रहा और उनकी दूरदर्शिता और दृष्टि से लाभ उठाया।
सिंह ने कहा, उन्होंने ऐसी रिक्ति छोड़ी है जिसे भरना काफी कठिन होगा। कुरियन का हमेशा सम्मान रहेगा और साधारण लोगों को प्रेरित करके उनका सर्वश्रेष्ठ निकलवाने की उनकी क्षमता के लिए उनकी हमेशा प्रशंसा की जाएगी। (एजेंसी)
First Published: Sunday, September 9, 2012, 13:00