Last Updated: Saturday, January 7, 2012, 13:02
नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री बाबू सिंह कुशवाहा के भाजपा में शामिल होने पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की नाखुशी की खबरों के बीच कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने संघ से कहा कि वह इस मामले में कार्रवाई करने का ‘साहस’ दिखाए।
सिंह ने ट्विटर पर अपनी अलग-अलग पोस्ट में कहा है, ‘भाजपा में भ्रष्ट नेताओं को शामिल करने के खिलाफ केवल बयानबाजी करने से कुछ नहीं होगा। संघ को कार्रवाई करने का साहस दिखाना चाहिए। भाजपा में भ्रष्ट नेताओं के शामिल होने के बाद संघ को भाजपा से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए।’ इस बात पर जोर देते हुए कि संघ, भाजपा के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर सकता, सिंह ने एक और पोस्ट में कहा है, ‘संघ अब भी भाजपा को समर्थन देता रहेगा। वे ऐसी मुर्गी को कैसे मार सकते हैं, जो उनके लिए सोने के अंडे देती है।’
कांग्रेस महासचिव ने कुशवाहा के मुद्दे पर भाजपा में चल रही अंतरकलह को ज्यादा तवज्जो नहीं देते हुए कहा कि भाजपा में ‘भ्रष्ट’ नेताओं को पार्टी अध्यक्ष नितिन गडकरी की ही पहल पर शामिल किया गया है, जो अपनी नियुक्ति का श्रेय संघ को देते हैं। क्या वे उनके इस्तीफे की मांग करेंगे ?
गुरुवार को संघ के हिंदी प्रकाशन ‘पांचजन्य’ के संपादकीय में संघ ने उत्तर प्रदेश के लोगों से अपील की थी कि वे ऐसे लोगों को वोट नहीं दें, जिनके खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे हैं। संपादकीय में ऐसे प्रत्याशियों को भी नहीं चुनने की अपील की गई थी, जो पार्टी बदल लेते हैं।
(एजेंसी)
First Published: Sunday, January 8, 2012, 12:33