Last Updated: Sunday, August 19, 2012, 16:38

नई दिल्ली : आगामी लोकसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की सरकार बनने के सपा प्रमुख मुलायम सिंह के बयान को सिरे से खारिज करते हुए भाजपा ने आज कहा कि चुनाव के बाद केंद्र में भाजपा नीत राजग की ही सरकार बनेगी।
मुलायम के बयान के बारे में पूछे जाने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा ने कहा, ‘जितने जोर से उन्होंने कहा, उतने ही जोर वह हम भी कहते हैं कि चुनाव के बाद केंद्र में भाजपा नीत राजग की ही सरकार बनेगी।’ गौरतलब है कि अपने कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान करते हुए कल सपा प्रमुख मुलायम सिंह ने कहा था कि मौजूदा राजनीतिक समीकरणों के अनुसार आगामी लोकसभा चुनाव में दोनों बड़े राष्ट्रीय दलों भाजपा और कांग्रेस में से किसी को भी बहुमत नहीं मिलेगा। कई राज्यों में तीसरे मोर्चे की जीत की प्रबल सम्भावनाएं नजर आ रही हैं।
यह पूछे जाने पर कि राजग के केंद्र में सरकार बनाने की स्थिति में प्रधानमंत्री कौन होगा, भाजपा नेता ने कहा कि यह उस समय तय कर लेंगे। यह पूछे जाने पर कि क्या चुनाव में विकास अहम मुद्दा होगा, सिन्हा ने कहा, ‘हम काफी पहले से विकास को चुनावी मुद्दा बना रहे हैं। विकास चुनावी मुद्दा बने इसके लिए एक दशक से भी अधिक समय से हमारा प्रयास जारी है।’ उन्होंने कहा कि अटलजी के नेतृत्व वाली सरकार के समय विकास के जिस वैकल्पिक मॉडल की शुरुआत की गई थी, उसका परिणाम अब भाजपा शासित राज्यों में दिखने लगा है। (एजेंसी)
First Published: Sunday, August 19, 2012, 16:38