‘केंद्रीय मंत्री के लिए छोटी रकम है 71 लाख रुपये’

‘केंद्रीय मंत्री के लिए छोटी रकम है 71 लाख रुपये’

‘केंद्रीय मंत्री के लिए छोटी रकम है 71 लाख रुपये’नई दिल्ली : अपने सहयोगी का बचाव करते हुए केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा ने सोमवार को कहा कि सलमान खुर्शीद जैसा व्यक्ति 71 लाख रूपये के लिए कोई गलत काम नहीं करेगा और यह राशि तो एक केंद्रीय मंत्री के लिए बहुत छोटी रकम है।

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि सलमान खुर्शीद एक जिम्मेदार व्यक्ति हैं। वह केंद्रीय मंत्री हैं। पूर्व में भी वह केंद्रीय मंत्री रहे। जब वह कह रहे हैं कि कोई घोटाला नहीं हुआ तो उनकी बात पर भरोसा करना चाहिए। मैं नहीं सोचता कि खुर्शीद जैसा व्यक्ति 71 लाख रुपये जैसी राशि के लिए कुछ भी करेगा। एक केंद्रीय मंत्री के लिए यह बहुत छोटी रकम है। वर्मा खुर्शीद और उनकी पत्नी द्वारा संचालित एक ट्रस्ट में धन के कथित दुरुपयोग के आरोप पर टिप्पणी कर रहे थे। खुर्शीद ने कल एक संवाददाता सम्मेलन में इस आरोप को खारिज कर दिया और जांच की पेशकश की थी।

वर्मा ने कहा कि अगर यह 71 करोड़ की बात होती तो मैं खुद भी गंभीर होता। उन्होंने साथ ही कहा कि खुर्शीद को इस्तीफा नहीं देना चाहिए। वर्मा ने कार्यकर्ता से नेता बने अरविंद केजरीवाल को भी निशाने पर लिया जो इस मुद्दे पर खुर्शीद के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वर्मा ने कहा कि केजरीवाल एक पार्टी शुरू कर रहे हैं। मेरी शुभकामनाएं उनके साथ हैं। भारत में बहुदलीय व्यवस्था है तथा एक दल और आएगा। यह अच्छी बात है। लेकिन मैं उन्हें सलाह दूंगा। हर दिन केवल भौंके नहीं बल्कि कभी बाघ की तरह दहाड़ें भी। हमेशा भौंकने वालों की कोई कीमत नहीं रहती। (एजेंसी)

First Published: Monday, October 15, 2012, 22:02

comments powered by Disqus