Last Updated: Wednesday, June 12, 2013, 21:03
पिथौरागढ़ : कैलाश मानसरोवर की वाषिर्क यात्रा की शुरुआत हो गई है और दिल्ली से 53 तीर्थयात्रियों का पहला जत्था बुधवार को काठगोदाम पहुंचा। तीर्थयात्रियों का जत्था कल रात दिल्ली से रवाना हुआ और आज सुबह काठगोदाम पहुंचा जहां कुमायूं मंडल विकास निगम ने परंपरागत तरीके से उनकी अगवानी की। यात्रा के लिए सभी बंदोबस्त करने की जिम्मेदारी निगम की है। जत्थे में 22 महिलाएं भी हैं।
निगम के प्रबंध निदेशक दीपक रावत ने कहा कि इस साल तीर्थयात्रियों के 18 जत्थों का भगवान शिव का डेरा माने जाने वाले पवित्र कैलाश पर्वत के दर्शन के लिए और पवित्र मानसरोवर झील में स्नान के लिए चीन के तिब्बत में जाने का कार्यक्रम है।
रावत ने कहा कि प्रत्येक जत्था यात्रा पूरी करने में 22 दिन लेगा। इन दिनों में 14 दिन भारतीय क्षेत्र में और 8 दिन तिब्बत के चीनी क्षेत्र में बिताए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निगम यात्रा के इंतजाम के लिए प्रत्येक तीर्थयात्री से 32 हजार रुपये ले रहा है, जिसमें आने-जाने, रहने, खाने, गाइड, संचार और अन्य चीजों की व्यवस्था शामिल है। रावत के अनुसार तिब्बत के चीनी क्षेत्र में खर्च के लिए प्रत्येक तीर्थयात्री से चीन अलग से 801 डालर (करीब 46,289 रुपये) ले रहा है।
निगम के अधिकारियों के अनुसार, भारतीय क्षेत्र में इस यात्रा की कुल दूरी 647 किलोमीटर (एक तरफ से) है और चीनी क्षेत्र में एक तरफ की कुल दूरी 243 किलोमीटर है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, June 12, 2013, 21:03