Last Updated: Saturday, May 26, 2012, 22:05
नई दिल्ली : दिल्ली की एक अदालत ने समाजवादी पार्टी के पूर्व महासचिव अमर सिंह और भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी के पूर्व सहायक सुधींद्र कुलकर्णी समेत सात आरोपियों को साल 2008 के नोट के बदले वोट घोटाले में स्टिंग ऑपरेशन की सीडी की प्रतिलिपि की प्रतियां आज सौंपीं।
सीडी की प्रतिलिपि तब सौंपी गई जब विशेष न्यायाधीश संगीता धींगड़ा सहगल ने पिछली सुनवाई के दौरान आरोपियों को सीडी की प्रतिलिपि सौंपने में विलंब के लिए पुलिस से सवाल किया था। अदालत ने गत 30 अप्रैल को पुलिस को निर्देश दिया था कि वह आठ मई तक आरोपियों को सीडी की प्रतिलिपि सौंप दे। उसका पालन करने में वह विफल रही।
एजेंसी ने अदालत से कहा कि उसके पास प्रतिलिपि तैयार करने के लिए एक स्थान पर जरूरी आधारभूत संरचना और मानवशक्ति नहीं है। उसके बाद उसे आरोपियों को सीडी की प्रतिलिपि सौंपने के लिए आज तक का वक्त दिया गया था।
जुलाई 2008 में भाजपा के कुछ सांसदों ने लोकसभा में संप्रग-1 सरकार के विश्वास मत हासिल करने के दौरान लोकसभा में नोटों की गड्डियां लहराई थीं। उन्होंने दावा किया था उन्हें संप्रग सरकार के पक्ष में मतदान करने के लिए धन दिया गया है।
अमर सिंह, सुधींद्र कुलकर्णी, भाजपा सांसद अशोक अरगल, पार्टी के दो पूर्व सांसदों फग्गन सिंह कुलस्ते और महाबीर सिंह भगोरा के साथ अमर सिंह के पूर्व सहायक संजीव सक्सेना और कथित भाजपा कार्यकर्ता सुहैल हिंदुस्तानी मामले में आरोपी हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, May 26, 2012, 22:05