Last Updated: Friday, December 14, 2012, 09:27

लखनऊ : प्रोन्नति में आरक्षण विधेयक के विरोध में उत्तर प्रदेश में करीब 18 लाख सरकारी कर्मचारी गुरुवार को हड़ताल पर चले गए। कोटा बिल के विरोध में कर्मचारी शुक्रवार से राज्यअ के जिला मुख्यांलयों पर धरना देंगे।
गौर हो कि सर्वजन हिताय संरक्षण समिति के बैनर तले एकजुट होकर कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने का ऐलान किया। आपातकालीन सेवाओं को हालांकि हड़ताल से अलग रखा गया है। प्रोन्नति में आरक्षण के विरोध में सर्वजन हिताय संघर्ष समिति ने गुरुवार को लखनऊ में एक बड़ी रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।
आरक्षण विरोधी कर्मचारियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस को चेतावनी दी है कि अगर 117वें संविधान संशोधन को पारित करने में जल्दबाजी की गई या इसे गलत तरीके से पारित किया गया तो आगामी लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। विरोध कर रहे कर्मचारियों की मांग है कि प्रोन्नति में आरक्षण संबंधी विधेयक को वापस लिया जाए। जब तक इसे वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
दूसरी ओर, प्रोन्नति में आरक्षण का समर्थन कर रही आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति से जुड़े कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने चार घंटे अधिक ड्यूटी करने का ऐलान किया है। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 14, 2012, 09:27