Last Updated: Saturday, September 1, 2012, 17:46
बेंगलुरु : मुख्य विपक्षी दल भाजपा ने 142 कोल ब्लॉकों के आवंटन को रद्द करने की मांग की है और इसे ‘देश का सबसे बड़ा घोटाला’ बताते हुए प्रतिबद्धता जताई है कि लोगों को इस बारे में सूचित करने के लिए इसे देश के हर कोने में ले जाया जाएगा ।
पार्टी प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज कर दिया कि ‘कोलगेट’ घोटाले पर भाजपा बहस रोक रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘संख्या बल के आधार पर कांग्रेस संसदीय दल की प्रक्रिया को बाधित कर रही है।’ संवाददाताओं से यहां बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस जान-बूझ कर लोकतंत्र को विद्रूप कर रही है क्योंकि उनके पास संख्या बल है।’ उन्होंने संसद में 2जी, आदर्श हाउसिंग और राष्ट्रमंडल खेल घोटाले पर बहस के परिणामों पर भी सवाल उठाए।
रूडी ने कहा कि कांग्रेस के पास चूंकि देश पर राज करने के लिए संख्या बल है लेकिन भाजपा के पास ‘लोगों की तरफ से निगहबान और पुलिसकर्मी का कर्तव्य निभाने का आदेश है।’ उन्होंने कहा, ‘भाजपा प्रतिरोधक दल के रूप में काम करेगी अगर इससे देश का खजाना भरता है।’ समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में तीसरे मोर्चा के गठन के बारे में पूछने पर रूडी ने कहा कि भाजपा ने देश के लिए अंतिम एजेंडा तय किया है कि संसदीय बहस के माध्यम से भ्रष्टाचार को कानूनी रूप नहीं लेने देंगे और संप्रग या राजग का समर्थन करने वाली पार्टियों पर निर्भर है कि वे भ्रष्टाचार का समर्थन करती हैं या इसके विरोध में हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, September 1, 2012, 17:46