कोहरे का कहर: ट्रेनें रद्द, उड़ानें प्रभावित - Zee News हिंदी

कोहरे का कहर: ट्रेनें रद्द, उड़ानें प्रभावित

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली में अचानक कोहरा बढ़ जाने से दिल्ली और यमुना से सटे इलाकों में कोहरे की चादर ने सबकुछ ढक लिया। रास्ते पर गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया। कोहरे की वजह से दिल्ली आने वाली 52 ट्रेनें लेट चल रही हैं।

 

दिल्ली-हावड़ा, भागलपुर गरीब रथ, अमृतसर-दिल्ली और आगरा इंटरसिटी जैसी ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। कोहरे के कारण उड़ानों पर भी असर पड़ रहा है। विमानों के टेक ऑफ और लैंडिंग में दिक्कत आई। वहीं कोलकाता में भी उड़ाने प्रभावित हुई। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर मंगलवार सुबह कोहरे की झीनी चादर रही, जिससे उड़ानों की आवाजाही पर असर पड़ा।

 

हालांकि हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ उड़ानों में विलंब हुआ और ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि उन उड़ानों के गंतव्य स्थलों पर मौसम ठीक नहीं था। यहां से रवाना होने वाली बाकी ज्यादातर उड़ानें अपने निर्धारित समय पर रवाना हुईं। लखनऊ, पोर्ट ब्लेयर, कोलकाता, पटना, चंडीगढ़ जैसे शहरों में मौसम खराब होने के कारण वहां जाने वाले विमान देर से रवाना हुए।

 

सुबह साढ़े आठ बजे के आसपास दृश्यता सीमा कम होने लगी। अन्य दो रनवे पर दृश्यता सीमा कम होने के कारण अधिकारियों को कम दृश्यता प्रक्रियाएं अपनानी पड़ीं।

 

 

मौसम विभाग का कहना है कि यह कोहरे से अस्थाई राहत है क्योंकि पश्चिमी विक्षोभ इलाके से गुजर रहा है, जिसकी वजह से शहर में दिन में पुरवा और रात में पछुआ हवाएं चलीं। कोहरे की चेतावनी जारी कर रहे हैं क्योंकि पूरे बिहार और उत्तर प्रदेश में छह दिसंबर से कोहरे की चादर फैली है।  हवाई अड्डे पर कल घने कोहरे के कारण 50 से अधिक उड़ानें देर से रवाना हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 20, 2011, 12:50

comments powered by Disqus