Last Updated: Wednesday, December 21, 2011, 10:50

नई दिल्ली : देश के उत्तरी हिस्सों में घने कोहरे एवं शीतलहर के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, जम्मू एवं कश्मीर, बिहार और दिल्ली में शीत लहर जारी है। उत्तर प्रदेश में ठंड के कारण पिछले 24 घंटों में 40 लोगों की मौत की खबर है।
दिल्ली में बुधवार सुबह घने कोहरे की वजह से रेल सेवाओं पर असर पड़ा हालांकि बाद में धूप भी खिली। रेल विभाग के अधिकारी ने कहा कि उत्तरी भारत में भारी कोहरे के कारण करीब 50 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से आठ घंटे की देरी से चल रही हैं।
हालांकि कोहरे से इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ानों की आवाजाही पर कोई असर नहीं पड़ा। हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया कि लगभग सभी उड़ानें निर्धारित समय पर रवाना हुईं। राजधानी में सुबह 8:30 बजे घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर 350 मीटर रही गई और न्यूनतम तापमान शून्य से एक डिग्री कम 6.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
उधर, पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली सर्द हवाओं के कारण पूरे उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का दौर जारी है। विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान ठंड से 40 लोगों के मरने की खबर है। जानकारी के मुताबिक सबसे ज्यादा मौतें कानपुर मंडल में हुई हैं।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली वाली सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है और अगले 48 घंटों तक कड़ाके की ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। बुधवार सुबह लखनऊ में न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुंदेलखण्ड में भी ठंड के कारण जहां सैकड़ों पक्षियों की मौत हो चुकी है, वहीं जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है।
पटना समेत बिहार के सभी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पटना में अधिकतम तापमान की गिरावट ने 20 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पटना मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम में कोई खास परिवर्तन होने की सम्भावना नहीं है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले 20 वर्षों में सबसे कम है। ओडिशा में बुधवार को घने कोहरे के कारण भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया। रेल अधिकारी ने बताया कि रेलगाड़ी के भुवनेश्वर से चलने का निर्धारित समय सुबह 11:30 बजे था। लेकिन घने कोहरे एवं अन्य रेलगाड़ियों के देर से चलने के कारण इसे रद्द कर दिया गया।
मध्य प्रदेश में तापमान के उतार चढ़ाव के चलते जहां कुछ इलाकों में ठंड से राहत मिल रही है, तो कहीं कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली और खासकर उत्तर की ओर से आने वाली सर्द हवाओं के चलते ही ग्वालियर के तापमान में गिरावट आ रही है। ग्वालियर में जहां पारा पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, वहीं जबलपुर में 6.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
कश्मीर घाटी एवं लद्दाख में दो दिनों की राहत के बाद फिर से ठंडे एवं शुष्क मौसम का दौर आ गया है और मौसम विभाग द्वारा तापमान के शून्य से नीचे गिरने की संभावना व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने बुधवार को कहा कि पिछले दो दिनों से यहां सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ कमजोर हो गया है। हम एक बार फिर ठंडे एवं शुष्क मौसम की चपेट में हैं। आने वाले दिनों में घाटी एवं लद्दाख क्षेत्र में रात के तापमान में शून्य से काफी अधिक गिरावट होने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि आज से शीत लहर के एक और दौर के शुरू होने की संभावना है। बुधवार को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस एवं पिछले 24 घंटे के दौरान 4.3 सेमी बारिश दर्ज की गई। लेह राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां पर न्यूनतम तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
(एजेंसी)
First Published: Wednesday, December 21, 2011, 18:20