खराब मौसम के कारण पुंछ नहीं जा सके आर्मी चीफ

खराब मौसम के कारण पुंछ नहीं जा सके आर्मी चीफ

खराब मौसम के कारण पुंछ नहीं जा सके आर्मी चीफ जम्मू : खराब मौसम की वजह से सेना प्रमुख जनरल बिक्रम सिंह सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए पुंछ के सीमावर्ती क्षेत्रों में नहीं जा सके। जनरल सिंह बुधवार को सुबह जम्मू पहुंचे और यहां तकनीकी हवाई अड्डे पर शहीद जवानों पर पुष्प चक्र चढ़ाने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उसके बाद नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सीमा कार्रवाई दल द्वारा कल किए गए हमले में पांच जवानों के मारे जाने के बाद सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए उन्हें पुंछ जाना था।

जनरल सिंह विभिन्न टुकड़ियों के वरिष्ठ कमांडरों के साथ नगरौटा स्थित 16 वीं कोर के लिए रवाना हो गए। वहां जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल संजीव चचरा और 16 वीं कोर के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल डी एस हुड्डा के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें मौजूदा सुरक्षा स्थिति और पूर्व में हुई गोलीबारी और संघर्ष विराम के उल्लंघन की घटनाओं के बारे में जानकारी दी।

सेना के एक अधिकारी ने बताया कि दोपहर में जनरल सिंह ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पुंछ के लिए उड़ान भरने की कोशिश की लेकिन खराब मौसम ने उन्हें अखनूर स्थित सेना की 10 डिवीजन के मुख्यालय में लौटने को मजबूर कर दिया। उन्होंने कहा कि उसके बाद सेना प्रमुख दिल्ली के लिए रवाना हो गए।

पाकिस्तानी सैनिकों के नेतृत्व 20 सशस्त्र लोगों का समूह बुधवार को जम्मू कश्मीर के पुंछ सेक्टर के 450 मीटर अंदर घुसा और गश्ती दल पर घात लगाकर किए गए हमले में पांच भारतीय जवानों को मार गिराया। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, August 7, 2013, 23:30

comments powered by Disqus