Last Updated: Friday, September 28, 2012, 14:48

ज़ी न्यूज ब्यूरो
सूरजकुंड : नितिन गडकरी को दूसरे कार्यकाल के लिए भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने को लेकर पार्टी के संविधान में संशोधन को राष्ट्रीय परिषद ने शुक्रवार को मंजूरी दे दी। इससे गडकरी के दोबारा अध्यक्ष बनने का रास्ता साफ हो गया।
जानकारी के अनुसार, सूरजकुंड में चल रहे भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में में आज पार्टी का संविधान संशोधन प्रस्ताव पारित किया गया, जिसमें गडकरी दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष चुने जाने पर मंजूरी दे दी गई। गौर हो कि बीजेपी की राष्ट्रीय परिषद का आज आखिरी दिन है।
गडकरी को लगातार दूसरे कार्यकाल का विस्तार देने से सम्बंधित संशोधन को यहां राष्ट्रीय परिषद की बैठक में मंजूरी दे दी। अब तक अध्यक्ष केवल तीन वर्षो के कार्यकाल के लिए अपने पद पर रह सकता था। भाजपा के संविधान की धारा 21 के अनुसार, कोई भी योग्य व्यक्ति लगातार दो कार्यकाल के लिए अध्यक्ष के पद पर हो सकता है और प्रत्येक कार्यकाल तीन-तीन वर्षो का होगा।
बैठक में यह प्रस्ताव भाजपा के पूर्व अध्यक्ष वेंकैया नायडू की ओर से लाया गया। उन्होंने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी अध्यक्ष को स्वत: दूसरे कार्यकाल का विस्तार मिल जाएगा। यह सिर्फ लगातार दूसरे कार्यकाल के विस्तार का प्रावधान करता है।
भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि इस संशोधन को इस साल मई में मुम्बई में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में अंगीकार किया गया था, जिसे राष्ट्रीय परिषद की बैठक में पुष्ट किया गया।
इस संशोधन से भाजपा के मौजूदा अध्यक्ष नितिन गडकरी को लाभ मिल सकता है, जिनका कार्यकाल दिसम्बर में समाप्त हो रहा है।
First Published: Friday, September 28, 2012, 12:12