गत 13 सालों में 3 बार काटे गए जवानों के सिर

गत 13 सालों में 3 बार काटे गए जवानों के सिर

नई दिल्ली : नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा भारतीय जवान का सिर काटे जाने की घटना से देश में गुस्से के बीच यह बात सामने आयी है कि पिछले 13 सालों में दुश्मन सेना द्वारा ऐसी तीन घटनाओं को अंजाम दिया गया है।

सेना प्रमुख जनरल ब्रिकम सिंह ने सोमवार को माना कि ऐसी घटनाएं पूर्व में भी हुयी हैं।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा,‘हां, ऐसा हुआ है। हम इसे छिपा नहीं सकते।’ सेना मुख्यालय के सूत्रों ने बताया कि इस तरह का पहला मामला 2000 में सामने आया था जब एक जवान का सिर काट दिया गया था। इसके बाद 2011 में भी ऐसी ही बर्बर घटना का मामला सामने आया था जब दो जवानों को ऐसी नृशंस कार्रवाई का शिकार बनाया गया था।

इस साल आठ जनवरी को लांस नायक हेमराज के सिर का काटा जाना ऐसा तीसरा मामला था। उनके साथ लांस नायक सुधाकर सिंह की भी हत्या कर दी गयी थी।

दोनों जवानों को सम्मान दिये जाने पर सेना प्रमुख ने कहा कि निचले स्तर से इस संबंध में प्रस्ताव आयेगा तब सेना मुख्यालय इसकी सूचना रक्षा मंत्रालय को दे देगा। (एजेंसी)

First Published: Monday, January 14, 2013, 23:04

comments powered by Disqus